मुरादाबाद में महिला ने बहनोई पर लगाया घर में लूटपाट करने का आरोप
महिला के आलमारी में रखे एक लाख रुपये आरोपित ने तमंचे के बल पर लूट लिया। रुपये लूटने के बाद आरोपित फरार हो गया। वहीं पुलिस के अनुसार प्रकरण दो रिश्तेदारों के बीच वर्षों से चल रहे विवाद का है।
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने बहनोई पर तमंचे के बल पर घर में घुसकर एक लाख रुपये की लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी है। गंभीर आरोपों के मद्देनजर कटघर पुलिस घटना की छानबीन करने में जुटी है। वारदात सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है।
कटघर थाना क्षेत्र में रहमत नगर गली नंबर दो के रहने वाले वसीम खान कारोबारी हैं। वह सम्भल में कारोबार करते हैं। वसीम खान की पत्नी रुखसार ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे वह बच्चों के साथ घर पर थी। तभी गलशहीद थाना क्षेत्र में इंद्रा चौक का रहने वाला उसका बहनोई दो अन्य युवकों के साथ उसके घर पहुंचा। महिला के मुताबिक बहनोई ने गाली गलौज करते हुए गला दबा दिया। मारपीट के दौरान आरोपित ने तमंचा निकाल लिया। इसके बाद महिला के आलमारी में रखे एक लाख रुपये आरोपित ने तमंचे के बल पर लूट लिया। रुपये लूटने के बाद आरोपित फरार हो गया। इससे संबंधित वीडियो फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का महिला ने दावा किया। इस बावत थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रकरण दो रिश्तेदारों के बीच वर्षों से चल रहे विवाद का है।