मुरादाबाद में रेस्टोरेंट संचालक की बीवी से सरेराह छेड़छाड़, मारपीट, मुकदमा दर्ज
महानगर में रेस्टोरेंट संचालक की बीवी से सरेराह छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता व उसके पति ने मौके से एक आरोपित को दबोच कर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद, जेएनएन। महानगर में रेस्टोरेंट संचालक की बीवी से सरेराह छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता व उसके पति ने मौके से एक आरोपित को दबोच कर पुलिस के सुपुर्द किया। पीड़िता की तहरीर पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक उनके पति का रेस्टोरेंट रामगंगा विहार में है। वह अपने रेस्टोरेंट पर मौजूद थीं। वहां से दिल्ली रोड स्थित होटल में एक कार्यक्रम में शामिल होने जाना था। महिला ने अपने दो अन्य मित्रों को रेस्टाेरेंट पर ही बुला लिया। महिला अपनी सहेलियों के साथ ज्यों ही रेस्टोरेंट के बाहर निकलीं, तभी चार लड़के वहां से गुजरे और अश्लील फब्तियां कसने लगे। विरोध पर चारों आरोपित भाग खड़े हुए। जब महिला दिल्ली रोड स्थित होटल पहुंचीं तो चारों युवक उसका पीछा करते वहां भी आ धमके। इस बीच आरोपितों में से एक ने महिला का हाथ पकड़ लिया। पति ने विरोध किया तो आरोपित हाथापाई पर उतारू हो गए। माहौल खराब होने पर दंपती होटल से घर लौटने लगे। आरोपित उनका पीछा करने लगे और पीलीकोठी चौराहे पर उन्हें रोककर धमकी देने लगे। इस बीच दंपती ने एक युवक को दबोच लिया तो तीन अन्य भाग निकले। घटना की जानकारी सिविल लाइंस पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित की पहचान अनमोल के रूप में हुई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर अनमोल के अलावा अर्पित चौहान, मधुर व वासु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।