दुकान से लौटी महिला तो पति ने नहीं खोला घर का दरवाजा, बाहर पड़ा मिला सामान
पत्नी के दुकान से घर लौटने के बाद पति ने घर का दरवाजा बंद कर दिया था। देर तक मनुहार के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब महिला सिटी कोतवाली पहुंची। पुलिस ने पति को तलब किया।
मुरादाबाद, जेएनएन। सिटी कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक कारोबारी पति ने अपनी व्यवसायी बीवी को रविवार रात घर से निकाल दिया। देर रात तक पति के चौखट पर जमी महिला पुलिस की मदद से घर में घुसने की काोशिश करती रही।
सिटी कोतवाली क्षेत्र में कुंज कालोनी की रहने वाली संगीता शाहू के मुताबिक वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पीएसी तिराहे पर नवीन नगर में कपड़े की दुकान चलाती हैं। उनका विवाह 18 वर्ष पहले हुआ था। इस वक्त वह दो बच्चों की मां हैं। बीते कुछ दिनों से पति से उनका विवाद चल रहा है। महिला के मुताबिक उन्होंने पति को तलाक नहीं दिया है, पर पति तलाक होने का दावा करते हैं। इसके विरोध में महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। महिला के मुताबिक रविवार देर शाम वह नवीननगर स्थित दुकान से जब वापस लौटीं, तो उनका घरेलू सामान दरवाजे पर के बाहर पड़ा मिला। पति ने घर का दरवाजा बंद कर दिया था। देर तक मनुहार के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब महिला सिटी कोतवाली पहुंची। वहां पुलिस ने पति को तलब किया। देर तक इंतजार के बाद भी पति कोतवाली नहीं पहुंचा। तब महिला पुलिस के साथ घर लौटी। पुलिस की मौजूदगी में महिला ने दरवाजे के बाहर लगा ताला तोड़ दिया। इसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला। महिला के मुताबिक दरवाजा अंदर से बंद कर उनके स्वजन घर में मौजूद हैं। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि दंपती के बीच आपसी विवाद है। महिला ने यदि तहरीर दी तो आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।