गजरौला में दिनदहाड़े प्रधान पति की गोली मारकर हत्या Amroha news
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह हत्या चुनावी रंंजिश के चलते हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही।
अमरोहा, जेएनएन। गजरौला में खेत पर गए प्रधान पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन प्रधान पति को उठाकर सीएचसी पहुंचे तो यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ भी मौके पर पहुंचीं और घटना के बारे में जानकारी की।
गांव फोदापुर की ग्राम प्रधान आशा देवी के 32 वर्षीय पति धर्मवीर सिंह गांव चौकीखेड़ा स्थित अपने खेत पर गुरुवार सुबह 10 बजे जुताई करने गए थे। वहां अज्ञात लोगों ने प्रधान पति की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब ग्राम प्रधान आशा देवी व उनका पुत्र दीपक खेत पर काम करने के लिए पहुंचे। खेत पहुंचने के बाद देखा तो धर्मवीर सिंह मृत अवस्था में पड़े हुए थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन उन्हें उठाकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मोनिका यादव व प्रभारी निरीक्षक डीके शर्मा भी अस्पताल पहुंच गए। सीओ ने परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक डीके शर्मा ने बताया कि मृतक के सीने में गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।