मुरादाबाद से अपने वाहन से दिल्ली जाएंगे सैकड़ों किसान, बुलंद करेंगे आवाज
Opposition to agricultural bill शुक्रवार को किसानों के जाम लगाने से दिल्ली और लखनऊ दोनों तरफ से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। वहीं अब शनिवार को किसान अपने वाहनों से दिल्ली जाने की तैयारी में हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Opposition to agricultural bill। कृषि बिल को लेकर किसानों का गुस्सा अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को हाईवे जाम करने के बाद अब किसान दिल्ली कूच करने की तैयारी में हैं। इसके लिए किसान कांठ के कुचावली गांव स्थित भाकियू के वरिष्ठ नेता ऋषिपाल सिंह के घर पर जुट रहे हैं। यहीं से सैकड़ों किसान अपने वाहन से दिल्ली रवाना होंगे।
शुक्रवार को राष्ट्रीय आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कृषि बिल के विरोध में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर थाना पाकबड़ा के बागड़पुर गांव के कट के पास जाम लगा दिया था। भाकियू के प्रदेश महासचिव डॉ. नौ सिंह के नेतृत्व में करीब चार घंटे हाईवे किसानों के हवाले रहा था। किसानों से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन, बेबस खड़ी रही थी। किसानों के जाम लगाने से दिल्ली और लखनऊ दोनों तरफ से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। आंदोलन के दौरान दोपहर बाद भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम एडीएम प्रबुद्ध सिंह और एसपी सिटी अमित कुमार आनंद को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद किसानों के हाईवे खाली कर दिया था। शनिवार को सुबह से ही किसान कांठ क्षेत्र स्थित कुचावली गांव में इकट्ठा हो रहे हैं। किसान नेता ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पहले ट्रैक्टर-ट्राली लेकर दिल्ली जाने का इरादा था। लेकिन, अब दिल्ली जाने में कोई दिक्कत नहीं है। इसलिए हमने अपनी कारों से दिल्ली जाने का फैसला लिया है। मुरादाबाद से करीब 500 किसान दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली जाने वाले किसानों में भाकियू के प्रदेश महासचिव डॉ. नौ सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, कांठ तहसील अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जीतू, जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, नवनीत विश्नोई, हरदीप सिंह, राधेश्याम, यशपाल सिंह, प्रेमपाल सिंह, रनवीर जयवीर, निर्देश, हाजी इमरान, प्रेमपाल आदि किसानों के नाम शामिल हैं।