छेड़छाड़ से शुरू हुई यह प्रेम कहानी कैसे पहुंची निकाह तक, जानिए पूरा मामला Amroha news
छह महीना पहले छेड़छाड़ से शुरू हुई प्रेम कहानी निकाह के बंधन पर जाकर खत्म हो गई।
जोया, (अमरोहा): छह महीना पहले छेड़छाड़ से शुरू हुई प्रेम कहानी निकाह के बंधन पर जाकर खत्म हो गई। रविवार रात प्रेमी की चौखट पर जाकर बैठी प्रेमिका ने वापस जाने से इन्कार कर दिया। बिरादरी के लोग जमा हुए और पंचायत में तय हुआ कि दोनों का निकाह कराया जाए। प्रेमी व प्रेमिका के परिजनों ने भी सहमति दे दी। लिहाजा रात ही दोनों का निकाह कराया गया।
युवती ने युवक पर लगाया था छेड़छाड़ का आरोप, दी थी तहरीर
यह मामला थाना व कस्बा डिडौली के एक मुहल्ले का है। यहां पर रहने वाली युवती ने छह महीना पहले मुहल्ले के ही युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। उस समय पुलिस को तहरीर भी दी गई थी, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। परंतु छेड़छाड़ से शुरू हुआ सिलसिला प्रेम कहानी में कब तब्दील हो गया यह दोनों के परिजनों को भनक भी न लगी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे तथा शादी का वादा कर लिया।
चार दिन से प्रेमी ने नहीं की बात तो प्रेमिका पहुंच गई उसके द्वार
हालांकि बीते चार दिन से प्रेमी ने प्रेमिका से किसी बात को लेकर बात नहीं की थी। लिहाजा रविवार रात लगभग नौ बजे प्रेमिका अपने घर से निकल कर प्रेमी के घर पहुंच गई। उसने भीतर दाखिल होने की कोशिश की तो प्रेमी ने दरवाजा बंद कर लिया। प्रेमिका चौखट पर ही बैठ गई। थोड़ी देर में मुहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए।
पंचायत ने रात ही कराया दोनों का निकाह
उन्होंने व दोनों की बिरादरी के लोगों ने रात में ही पंचायत शुरू कर दी। प्रेमी व प्रेमिका के परिजनों को बुलाया गया। निकाह का प्रस्ताव रखा तो दोनों रजामंद हो गए। रात में ही मौलाना को बुलाकर प्रेमी युगल का निकाह करा दिया गया। रस्मों-रिवाज के साथ दुल्हन की विदायगी के लिए जल्दी ही तिथि तय की जाएगी। पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक ने बताया कि इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।