महानगर में हुआ होलिका दहन, हर ओर छाई होली की मस्ती
महानगर में होलिका दहन के साथ ही हुरियारों का हुड़दंग शुरू हो गया।
मुरादाबाद । महानगर में होलिका दहन के साथ ही हुरियारों का हुड़दंग शुरू हो गया। काले-पीले चेहरों के साथ युवाओं की टोली सड़कों पर नजर आई। हर ओर होली के गीतों की गूंज रही और जमकर अबीर-गुलाल उड़ा। बुधवार को दिन में होली का विधि विधान से पूजन हुआ। गृहणियों ने पकवान बनाए और होली का रंग, गुझिया, पकवान के साथ भोग लगाया। रोली, चावल, धूप, जल,फूल-फल,बताशे-कलावा,रंग और पकवान से होली का पूजन किया गया और रात मुहूर्त के अनुसार रात नौ बजे से होलिका दहन शुरू हो गया। जगह सामूहिक रूप से होली दहन हुए, जिसमें प्रेम और सौहार्द की खुशबू झलकी। महानगर में चौराहों पर होली में गन्ने व जौ भूने। होलिका दहन के साथ हुरियारों का हुड़दंग शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। दीनदयाल नगर, पीलीकोठी, जीएमडी रोड, रामगंगा विहार, हरथला, कोर्ट रोड, कटघर, डबल फाटक, बुद्धि विहार, लाइनपार, नवीन नगर,आशियाना, मंडी चौक, चौमुखा पुल, टाउन हाल, मंडी चौक, लालबाग, झांझनपुर, कांशीराम नगर, मानसरोबर, खुशहालपुर समेत शहर भर में होली दहन हुआ।
बाइक पर ढोल बजाते निकले हुरियारे
रंगों से चेहरे इस तरह रंग डाले कि पहचानना भी मुश्किल हो गया। कांठ रोड पर युवाओं की टोली बाइक पर सवार होकर रंगों में सरोबार नजर आई। गले में ढोल डालकर युवा शोर मचाते चल रहे थे। रास्ते में कोई जान पहचान का मिला तो उसे गले से लगाया, शुभकामनाएं दी और आगे चल दिए। होली का ऐसा रंग चढ़ा कि लोग डीजे पर हर ओर झूमते नजर आए। किसी ने सिर में तरह-तरह के डिजाइन की बिग, नकली चेहरे, पगड़ी और चुड़ैल की चुटिया व मुखौटा पहने लोग दिखे।
बच्चों पर भी छाई होली की मस्ती
छोटे-छोटे बच्चों पर भी होली की मस्ती छा गई। हाथों पिचकारी और बर्तन में रंग लेकर दरवाजे पर खड़े हो गए। हर आते-जाते व्यक्ति पर उन्होंने रंग उड़ेला। अपने संग के साथियों पर जबरन रंग लगाया। होलिका दहन के समय भी छोटे बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ होली का आनंद लिया।