फिल्मी अंदाज में मकान में घुसा तेज रफ्तार ट्रैक्टर, मासूम बच्ची समेत पांंच लोग घायल Sambhal news
घायलों में दो महिलाएं दो पुरुष व एक बच्ची है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
सम्भल, जेएनएन। थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव हिरौनी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक पक्के मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा मकान चंद पलों में खंडहर में तब्दील हो गया। मकान के मलबे में दबकर परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है।
गुन्नौर तहसील थाना रजपुरा क्षेत्र में रविवार दोपहर में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर मकान को टक्कर मारते हुए अंदर घुस गया। ट्रैक्टर की टक्कर से छत समेत मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टै्रक्टर को कब्जे में ले लिया। स्वजनों ने मलबे में दबे लोगों को निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की हालत में सुधार है। हादसे में घायल होने वालों में 70 वर्षीय शांति देवी पत्नी रोहन सिंह, तीन वर्षीय श्रृष्टि पुत्री धर्मेंद्र, 55 वर्षीय रामनिवास पुत्र लखपति सिंह, 45 वर्षीय महीपाल सिंह पुत्र अतर सिंह व 25 वर्षीय ऊषा पत्नी धर्मेंद्र शामिल हैं।