Harassment for Dowry : शादी के 16 साल बाद पति पर कराया मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
Harassment for Dowry शादी के बाद कुछ दिन तक तो सब ठीक रहा लेकिन बाद में पति ने मारना पीटना शुरू कर दिया। दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने लगा। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति ने घर से निकाल दिया।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Harassment for Dowry : महिला ने शादी के 16 साल बाद पति पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा कराया है। पीड़ित महिला रामपुर के गंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैजनी नानकार की सीमा उर्फ भूरी है। वर्तमान में वह शहर के मुहल्ला घेर तोंगा में रह रही है। उसने तीन दिन पहले पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था।
महिला ने आरोप लगाया है कि उसका निकाह 16 साल पहले सैजनी नानकार गांव के अनवार खां के साथ हुआ था। पति से उसके चार बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति शादी के बाद से ही उसे कम दहेज लाने का ताना देता था। शादी के बाद पहली बेटी हुई तो उसका अत्याचार बढ़ने लगा। दूसरा बच्चा भी लड़की हुई तो अक्सर मारपीट कर घर से निकाल देता। मायके वाले किसी तरह समझाकर भेज देते। वह भी अपना घर बचाने को पति के जुल्म सहती रही। पति मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगा। 27 सितंबर को उसे और चारों बच्चों को मार पीटकर घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर एसपी ने गंज पुलिस को कार्रवाई के आदेश कर दिए। गंज काेतवाली पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दूसरी ओर गंज थाना क्षेत्र के थाना टीन निवासी राबिया की शादी 16 जून को सींगनखेड़ा निवासी सय्यद ईशान मियां के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था। शादी के कुछ दिन तक तो सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति ने मारना पीटना शुरू कर दिया। दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने लगा। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति ने ससुराल वालों के साथ मिलकर मारपीट करके घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।