Hapur Minor Assault Case : बच्ची के साथ दरिंदगी के इनामी आरोपित की तलाश में अमरोहा पहुंचे हापुड़ एसपी
Hapur Minor Assault Case दुष्कर्म के आरोपित 50 हजार के इनामी दलपत की गिरफ्तारी की कमान फिर से हापुड एसपी ने संभाल ली है। वह अमरोहा के गांव में पहुंच गए हैं।
अमरोहा, जेएनएन। छह साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाला दरिंदा दलपत अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आया है। गुरुवार की सुबह एक बार फिर से देखे जाने पर हड़कंप मच गया। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन व अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के ससथ मौके पर पहुंच गए।उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ खेतों में दलपत की तलाश में कांबिंग शुरू कर दी।
बता दें कि हापुड़़ जिले की कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में दलपत को तलाश किया जा रहा है। उसे पकड़वाने के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया है। वह अपने गांव में कई जगह देखा जा चुका है। मंगलवार की रात उसने गांव फतेहपुर बटुपुरा में एक ग्रामीण के घर पर खाना भी खाया था। इसके बाद गुरुवार की सुबह फिर से दलपत फतेहपुरा बटुपुरा में ही एक खेत पर पड़ी झोपड़ी में चारपाई पर आराम फरमाते हुए देखा गया। इस दौरान एक किशोरी शौच के लिए जा रही थी। उसे देखकर आरोपित मौके से फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर हापुड़ के कप्तान व अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस बल के साथ उसकी तलाश में गांव पहुंच गए। उसकी खेतों में तलाश करने लगे। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि खेत पर पड़ी झोपड़ी में एक किशोरी ने दलपत को आराम करते हुए देखा था। उसी के बताए अनुसार उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि दोपहर डेढ़ बजे तक वह पुलिस के हाथ नहीं आया था। गांवों व खेतों में पुलिस बल उसे तलाशने में जुटा था।