Goat Birthday : पशु प्रेम हो तो ऐसा, अमरोहा में बैंडबाजे के साथ केक काटकर मनाया बकरे का जन्मदिन
Goat Birthday मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले के हसनपुर में पशु प्रेम का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। बकरे के जन्मदिन पर न सिर्फ केक काटा गया बल्कि बैंडबाजा भी बुलाया गया। यह मामला शहर में सुर्खियों में है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Goat Birthday : पौराणिक काल से ही इंसान और जानवर के बीच अटूट प्रेम के किस्से बुजुर्गों के मुंह से सुनने को मिल जाते हैं। कुछ लोग उन्हें सिर्फ जानवर समझते हैं जबकि कुछ उन्हें खून के रिश्ते से भी बढ़कर मानते हैं। इसकी एक बानगी मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले में भी देखने को मिली। मालिक ने धूमधान से बकरे का जन्मदिन मनाया। शहर भर में यह मामला सुर्खियों में है।
अमरोहा के हसनपुर तहसील के गांव खरपड़ी निवासी राधेश्याम ने रविवार को अपने सात माह के बकरे का जन्मदिन मना कर पशुओं से प्रति अटूट प्रेम की मिसाल पेश की है। कुछ समय पूर्व वह राजस्थान के अलवर से एक बकरी खरीद कर लाए थे। करीब 70 वर्षीय राधेश्याम के घर बकरी पालने का यह पहला अवसर है। सात माह पहले बकरी ने एक नन्हें बकरेे को जन्म दिया। राधेश्याम एवं उनका परिवार बकरी तथा उसके बच्चे की बेहतर परवरिश कर रहा है। रविवार को उन्होंने बैंडबाजे की धुन पर बकरे का जन्मदिन मनाया। बकरे के गले में माला पहनाकर केक काटा गया। खास बात ये रही कि आयोजन में परिवार के साथ ही गांव के जिम्मेदार लोग भी शामिल हुए। राधेश्याम कोई अमीर व्यक्ति नहीं है, जैसे-तैसे वह अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं। उनके तीन बेटे शादीशुदा हैं, जो अलग रहते हैं। वह कहते हैं कि जानवर वफादार होते हैं, बकरे से उन्हें अटूट प्रेम हो गया है। जन्मदिन मना कर बकरे की दीर्घायु के लिए ईश्वर से कामना की गई। इस मौके पर पूर्व प्रधान द्वारिका प्रसाद, महेंद्र सिंह ठाकुर, राजेश कुमार, बुद्धसेन, रामरिक शर्मा, सतीश शर्मा, राहुल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
जन्मदिन पार्टी की चर्चा : बकरे की जन्मदिन पार्टी चचा्रओं में है। दरअसल जब गांव के कुछ लोगों को आयोजन में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया तो उन्हें लगा कि घर के किसी सदस्य या किसी बच्चे की जन्मदिन पार्टी होनी है लेकिन जैसे ही वह राधेश्याम के घर पहुंचे तो बकरे को सजा-धजा देखकर वे हैरान रह गए। कई लोगों ने आयोजन की तस्वीरें ली और वीडियो भी बनाई।