मुरादाबाद में अफसरों के आवास के सामने लग रहा फल बाजार, हादसा होने का खतरा बरकरार
कांठ रोड पर जिलाधिकारी समेत तमाम आला अधिकारियों के बंगलों के सामने फल बाजार लगने लगा है। लोग सड़क पर वाहन खड़ा कर खरीदारी करते हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है लेकिन इस ओर अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Fruit market in front of officers' residence। कांठ रोड पर जिलाधिकारी समेत तमाम आला अधिकारियों के बंगलों के सामने फल बाजार लगने लगा है। इससे किसी भी समय हादसा होने का खतरा बना रहता है। लोग सड़क पर भी कार खड़ी करके सामान की खरीदारी करने लगते हैं। लेकिन, कोई भी इसकी सुध नहीं ले रहा है।
कांठ रोड पर रोजाना हजारों वाहनों का आना-जाना रहता है। इसी रोड पर बड़े शोरूम हैं। जिला अधिकारी के अलावा पुलिस अकादमी के अधिकारियों के बंगले भी इसी रोड पर बने हैं। एसपी सिटी का ऑफिस है। पीएसी की बटालियन भी इसी क्षेत्र में है। शाम होते ही इस रोड पर फलों की मंडी सजनी शुरू हो जाती है। दिन भर फलों के ठेलों की लाइन लग जाती है। सड़क पर ही कार खड़ी करके लोग अमरूद, सेब और अन्य फल खरीदने लगते हैं। ऐसे में कई बार हादसा होने की संभावना बनी रहती है। यहां स्कूली बच्चे भी कई बार हादसा होने से बच चुके हैं। तीन महीने पहले शिकायत होने पर डीएम ने संज्ञान ले लिया था। इसके बाद फिर यहां वहीं हालात हो गए हैं। लोगों ने फिर से सड़क किनारे ठेेेेले लगाने शुरू कर दिए हैं। नगर निगम को भी इसकी परवाह नहीं है। लेकिन, किसी ने अभी तक सुध नहीं ली है। इससे पूर्व भी कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं कई बार इसकी वजह से जाम भी लगा रहता है। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है।