मुरादाबाद नगर निगम में हो रहा है खेल, पांच साल में ही वाहनों को कर दिया जा रहा कंडम घोषित
मुुरादाबाद नगर निगम के वाहनों को पांच साल में ही कंडम दिखाकर खेल किया जा रहा है। जबकि जानकारों का कहना है कि वाहनों को कंडम दिखाने की उम्र कम से कम दस साल है। लेकिन नगर निगम मरम्मत कराने के बजाए इन वाहनों को कंडम घोषित कर देता है।
मुरादाबाद, जेएनएन। मुुरादाबाद नगर निगम के वाहनों को पांच साल में ही कंडम दिखाकर खेल किया जा रहा है। जबकि जानकारों का कहना है कि वाहनों को कंडम दिखाने की उम्र कम से कम दस साल है। लेकिन, नगर निगम मरम्मत कराने के बजाए इन वाहनों को कंडम घोषित कर देता है। इस तरह से न सिर्फ पैसों की बर्बादी की जा रही है बल्कि नए वाहनों को खरीदने के नाम खेल भी किया जाता है। एक दिन पूर्व सम्भल डबल फाटक पुल के नीचे तीन वाहन लावारिस हाल में खड़े मिले थे। छह महीने से अधिक समय से यह वाहन खड़े हैं। बरामद होने पर सफाई दी जा रही है कि मरम्मत के लिए भेजे गए थे। मसलन, छह महीने से इनकी मरम्मत नहीं होना शक पैदा करती है। अब इस मामले की जांच को तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.रणधीर सिंह की अध्यक्षता में तीन अफसरों की टीम जांच करेगी। सवाल है कि जांच भी नगर निगम के ही अफसरों को ही दी गई है, जिससे सच्चाई सामने आने से पहले ही पर्दा डालने का खेल हो सके। । केवल तीन वाहन ही नहीं कई और भी वाहन इधर-उधर खड़े किए गए हैं। इनके पुर्जे, बॉडी अलग-अलग करके कबाड़ में बेचनें की नीयत से गोदाम की बजाय शहर में अन्य क्षेत्रों में खड़े किए गए हैं। वाहन की उम्र कम से कम दस साल होती है लेकिन, पांच साल में ही कंडम घोषित करके उनको बेंचा जा रहा है। लाखों के वारे-न्यारे करने वाले जिम्मेदार लोगों के संरक्षण में यह सब खेल हो रहा है। उप्र सफाई कर्मचारी संगठनों ने वाहनों व कूड़ेदानों को कंडम दिखाकर हेराफेरी के खेल के विरोध में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। उप्र सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष ओमी लाल वाल्मीकि का कहना है कि सफाई कर्मचारी का वेतन नहीं बढ़ाएंगे लेकिन, पांच साल पहले खरीदे गए वाहनों की मरम्मत की आड़ में उनका सौदा किया जा रहा है।
वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यों की टीम गठित कर दी गई है। जांच करके टीम बताएगी कि वाहन लंबे समय से वहां क्यो खड़े थे। कूड़े के वाहन पांच साल नहीं चल पाते, जिनको कंडम घोषित करके एक प्रक्रिया के तहत बेंचकर नगर निगम के खाते में पैसा जमा होता है।
गंभीर सिंह, सहायक नगर आयुक्त, मुरादाबाद, नगर निगम