मुरादाबाद के व्यापारी के अपहरण में बसपा प्रत्याशी समेत चार आरोपित गिरफ्तार, वाहन भी बरामद
बीते 30 दिसंबर 2021 को संदीप थरेजा का सुबह करीब आठ बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आवास विकास कालोनी के पास से स्कार्पियो गाड़ी में सवार पांच लोगों ने स्कूटी में टक्कर मारने के बाद आढ़ती का अपहरण कर लिया था।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मंडी समिति के आढ़ती अपहरण कांड में पुलिस ने मुख्य आरोपित बसपा के पूर्व प्रत्याशी बबलू सैनी समेत फरार चल रहे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपितों के पास से पुलिस ने आढ़ती के अपहरण में प्रयोग की गई स्कार्पियो गाड़ी, एक तमंचा, दो कारतूस और एक चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी संदीप थरेजा की मंडी समिति में आढ़त की दुकान थी। इस दुकान में कब्जे को लेकर उनका विवाद चल रहा था। बीते 30 दिसंबर 2021 को संदीप थरेजा का सुबह करीब आठ बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आवास विकास कालोनी के पास से स्कार्पियो गाड़ी में सवार पांच लोगों ने स्कूटी में टक्कर मारने के बाद आढ़ती का अपहरण कर लिया था। इस मामले में आढ़ती की पत्नी मीना थरेजा की तहरीर पर पुलिस ने रामचंद्र सैनी समेत चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपितों ने अपहृत संदीप थरेजा को आगरा जिले के हरिपर्वत थाना के ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित अंतर्राज्यीय बस अड्डे पर 31 दिसंबर 2021 को की शाम बेसुध हालत में छोड़कर भाग गए थे। एक जनवरी को पुलिस ने नामजद आरोपित रामचंद्र सैनी को गिरफ्तार कर इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया था। पुलिस के अनुसार अपहरण की साजिश आरोपित रामचंद्र सैनी के भाई बबलू सैनी निवासी चक्कर की मिलक सिविल लाइन, बहादुर, मुकेश व जसकरन निवासी दादूपुर गांव भोजपुर के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपित बबलू सैनी मुरादाबाद देहात विधानसभा सीट से 2017 में बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है। घटना के बाद से चारों आरोपित फरार चल रहे थे। एएसपी सागर जैन ने बताया कि सिविल लाइंस थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना के लिए उपयोग की गई स्कार्पियो गाड़ी बरामद की गई है। इस गाड़ी को पाकबड़ा से खरीदा गया था। इसके साथ ही आरोपितों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है। सभी आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
Edited By Narendra Kumar