कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बोले, सपा सांसद आजम खां ने मुझ पर कराया हमला Moradabad news
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू ने सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रामपुर : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू ने सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कहा है कि सांसद उनकी हत्या कराना चाहते हैं। इसके लिए कुछ दिन पहले लखनऊ से लौटते समय शाहजहांपुर में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट भी सांसद ने कराया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
आजम खां के खिलाफ शिकायत करना बताया हमले का कारण
एसपी को दी तहरीर में पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा है कि वह सांसद और उनके बेटे के विरुद्ध मुकदमों और भ्रष्टाचार के मामलों मेें प्रभावी कार्रवाई करने के लिए शिकायत करते रहे हैं। सांसद के सताए लोगों की पैरवी करते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सीबीआइ, ईडी, मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को कई बार पत्र भी लिखे। जनता के साथ सांसद के खिलाफ धरने प्रदर्शन किए।
मुझे अपने लोगों से धमकियां भी दिलवाते हैं आजम
इससे सांसद और उनके पुत्र मेरे से रंजिश रखते हैं। अपने लोगों से मुझे धमकियां दिलवाते हैं। तीन अक्टूबर को वह लखनऊ से अपने निजी वाहन से रामपुर लौट रहे थे। रात साढ़े नौ बजे शाहजहांपुर में उनकी गाड़ी में ट्रक ने टक्कर मार दी। यह हादसा सांसद ने मेरी हत्या कराने के लिए कराया था। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कंधे और पसलियों में फ्रैक्चर आए हैं। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारी थी।
कांग्रेसी नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना के बाद उन्हें शाहजहांपुर में शीतल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां हालत में कुछ सुधार होने पर अब वह जिला अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। उन्होंने एसपी को दिए पत्र में यह भी की है कि छह अक्टूबर को उनके चचेरे भाई का निधन हो गया था। सभी लोग वहां गए हुए थे। वह जिला अस्पताल में अकेले थे। तब रात 11 बजे एक व्यक्ति वहां आया और उन्हें धमकाने लगा। कहने लगा कि आजम खां का विरोध करने का अंजाम देख लिया। अगर अब भी नहीं माने तो जान से हाथ धो बैठोगे। उन्होंने जिलाधिकारी को भी पत्र दिया है। डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।