साहब, मैं महिला पुलिस कर्मी हूं, गांव के दो लड़के करते हैं छेड़खानी
Flirting with the lady policeman मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले की रहने वाली एक महिला पुलिस कर्मी इन दिनों दो मनचलों से परेशान है। उनकी हरकतों से आजिज आकर पुलिस कर्मी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Flirting with the lady policeman। मिशन शक्ति की लखनऊ टीम में तैनात महिला सिपाही के साथ गांव के ही युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता छुट्टी पर अपने घर अमरोहा आई हुई है। महिला सिपाही की तहरीर पर आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों घर से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
यह मामला अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले एक किसान की बेटी यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। उसकी ड्यूटी लखनऊ स्थित मिशन शक्ति टीम में है। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आई हुई है। आरोप है कि गांव के ही दो युवक पुष्पेंद्र और नन्हे उसके साथ अश्लील हरकत करते हैं। इतना ही नहीं गांव में निकलते समय पीछा करना शुरू कर देते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। उनकी हरकतों से तंग आकर पीड़िता थाने पहुंची और बताया कि साहब मैं महिला सिपाही हूं, लखनऊ में मिशन शक्ति टीम का हिस्सा हूं। गांव के दो युवक छेड़खानी करते हैं। तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। महिला सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने पुष्पेंद्र व नन्हे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपित गांव से फरार हो गए हैं। वहीं दोनों आरोपितों की हरकतोंको लेकर गांव में भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।