राजनीतिक वर्चस्व में मुरादाबाद के पाकबड़ा में फायरिंग और पथराव, चार लोग घायल
जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी गांव में शुक्रवार देर शाम चुनावी रंजिश में पूर्व व निवर्तमान प्रधान के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। पथराव व मारपीट में चार लोग घायल हुए।
मुरादाबाद, जेएनएन। जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी गांव में चुनावी रंजिश में पूर्व व निवर्तमान प्रधान के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। पथराव व मारपीट में चार लोग घायल हुए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। निवर्तमान प्रधान की तहरीर पुलिस ने छह नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी आस मुहम्मद निवर्तमान प्रधान हैं। पूर्व प्रधान सिब्ते हसन उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित है। ऐसे में दोनों ही पक्षों ने अपने-अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है। चुनावी रंजिश को लेकर दोनों ही पक्षों में तनातनी का माहौल है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को निवर्तमान व पूर्व प्रधान के भाइयों का वाहन गांव की गली में आमने-सामने आ गए। वाहन किनारे करने के विवाद में दोनों ही पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों गुट लामबंद होकर एक दूसरे पर पथराव करने लगे। आरोप है कि सिब्ते हसन, राहत जान, मुजम्मिल, कामिल, मुजस्सिम गनी, शाहनवाज के अलावा एक दर्जन अज्ञात हमलावर निवर्तमान प्रधान आस मुहम्मद के दरवाजे पर चढ़ गये। सिब्ते हसन पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। इस बीच हमलावरों ने फायरिंग भी की। पथराव और फायरिंग के बीच ग्रामीण घरों में दुबक गए। हमले में निवर्तमान प्रधान का भाई फिरोज बाल बाल बचा। एक घंटे तक गांव में अफरातफरी का माहौल रहा। हमले में फिरोज, इस्लाम, बाबू, अंजार और एक मासूम बच्चा घायल हो गया। थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। गांव में पुलिस तैनात की गई है। निवर्तमान प्रधान की तहरीर पर सिब्ते हसन, राहतजान, मुजम्मिल, कामिल, मुजस्सिम गनी ओर शाहनवाज सहित दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि उमरी गांव में चुनाव को लेकर प्रधान के घर पर हमला बोल दिया। आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गयी है।