बेखौफ बदमाश, थाने के सामने से बाइक सवारों ने वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष की पत्नी की चेन लूटी
वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष नितिन गुप्ता की पत्नी के साथ हुई घटना। बेटी के साथ स्कूटी से ब्यूटी पार्लर से घर लौट रहीं थींं रूबी गुप्ता। घटना के बाद रोते हुए घर पहुंचीं मां और बेटी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद, जेएनएन। शहर में बाइकर्स गिरोह बेखौफ होकर घूम रहा है। सोमवार को सरेशाम बाइक सवार हेलमेट पहने दो लुटेरों ने थाना सिविल लाइंस के सामने ही वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष की पत्नी रूबी गुप्ता के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन और लॉकेट लूट लिए। सूचना पर एसएसपी और एसपी सिटी ने मौका मुआयना किया।
वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष नितिन गुप्ता सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित दयानंद डिग्री कालेज के पास रहते हैं। नितिन गुप्ता ने बताया कि पत्नी रूबी गुप्ता बेटी के साथ कांठ रोड स्थित विशाल मेगामार्ट के पास ब्यूटी पार्लर गई थीं। शाम करीब साढ़े छह बजे मां-बेटी स्कूटी से लौट रही थीं। वह जैसे ही थाना सिविल लाइंस के सामने पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने रूबी गुप्ता के गले पर झपट्टा मारा। लुटेरे उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट लूट ले गए। सरेशाम थाने के सामने लूट की घटना होने से मां-बेटी घबरा गईं। दोनों रोती हुई घर पहुंची। नितिन गुप्ता ने बताया कि इसके बाद पुलिस के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने ही एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप सिंह गुनावत मौके पर पहुंच गए। पुलिस थाने के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। कमिश्नर आवास रोड पर लगे सीसीटीवी के जरिए यह जानने की कोशिश की जा रही है कि लुटेरे कहां से मां-बेटी का पीछा कर रहे थे। उधर, थाना सिविल लाइंस पुलिस ने नितिन गुप्ता की तहरीर पर लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नहीं लिया सबक
थाना समाधान दिवस पर आइजी रमित शर्मा ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा था। उन्होंने व्यवस्थाएं ठीक न होने पर नाराजगी भी जताई थी। कहा था कि अगली बार व्यवस्थाएं ठीक हो जाएं। शाम के समय चेकिंग करने के निर्देश दिए थे। चेकिंग के बाद भी बाइकर्स गिरोह लूट की घटना को अंजाम देना व फरार हो गया। होमगार्ड गेट पर बने कक्ष में ही बैठे रहते हैं। उन्हें भी घटना के काफी देर बाद पता लग पाया।
लूट की घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। आरोपितों का जल्द पता लगेगा और घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी