Fear of Leopard : मुरादाबाद के डिलारी में घूम रहा तेंदुआ, आए दिन कर रहा हमला, दहशत में कई गांवों में लोग
जिले के डिलारी में रामगंगा के खादर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण खौफजदा हैं। गांव चंदूपुरा में तेंदुए ने नीलगाय को मार कर निवाला बना लिया। इसकी वजह से ग्रामीण दिन में भी खेतों पर जाने से डर रहे हैं।
मुरादाबाद, संवाद सूत्र। जिले के डिलारी में रामगंगा के खादर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण खौफजदा हैं। गांव चंदूपुरा में तेंदुए ने नीलगाय को मार कर निवाला बना लिया। इसकी वजह से ग्रामीण दिन में भी खेतों पर जाने से डर रहे हैं। वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिंजरा लगा दिया जाए तो तेंदुआ पकड़ में आ सकता है।
खादर के ग्राम चंदूपुरा के ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ उनके जंगल और आबादी के पास घूमता देखा जा रहा है। शनिवार को संजीव अपने खेत पर गया हुआ था, तभी तेंदुए ने झाड़ियों में नीलगाय पर हमला कर जबड़े में दबाकर खींच लिया। तेंदुआ नीलगाय को पेड़ के नीचे ले गया, जहां बैठकर नीलगाय को खाकर भूख मिटाई। तेंदुआ खादर क्षेत्र के लगभग 20 गांव में घूमता देखा जा रहा है। अब से लगभग दो माह पहले मुस्तफापुर बड़हरा में तेंदुए ने 10 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद गांव बहादुरगंज में साइकिल सवार राहगीर पर हमला कर घायल किया। क्षेत्र के मलकपुर सेमली, आलियाबाद, सुल्तानपुर खद्दर, करणपुर, काजीपुरा, मुस्तफापुर, सटकली, सिहाली खद्दर और दौलतपुर आदि गांवों में तेंदुए का झुंड घूम रहा है। गांव मलकपुर सेमली के पास वन्य जीव बाहुल्य एरिया घोषित किया गया है। खादर के लोग इसे लेकर बेहद परेशान हैं। दिन में भी खेतों पर जाने से डरते हैं। समूह बनाकर लाठी-डंडे हाथों में लेकर किसान अपनी फसलों पर काम करने जाते हैं। रात को ग्रामीण टोलियां बनाकर पहरेदारी करने को मजबूर हैं। सक्रिय तेंदुआ पालतू पशुओं को खा चुका है। 50 से अधिक लोगों पर हमला कर घायल कर चुका है। दहशत ज्यादा ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण सक्रिय तेंदुआ किसी की भी जान ले सकता है। लेकिन, इसकी किसी को परवाह नहीं है।