Mothers Day:पापा ने छोड़ी दुनिया तब मम्मी ने मां के साथ पिता की भी जिम्मेदारी निभाई Rampur News
मां का प्यार तो अनंत आकाश जैसा है। उसके बारे में क्या लिखा जाए जिसने मुझे खुद लिखा है। लेकिन कभी-कभी प्यार को शब्दों का रुप दे देना चाहिए।
रामपुर,जेएनएन। मेरी हर गलती को हर बार माफ करने वाली मेरी मां आई लव यू। मेरी मां लक्ष्मी शर्मा ने बचपन से लेकर आज तक मेरी हर जरूरत का ध्यान रखा। मां का प्यार मेरे लिए रक्षा कवच की तरह है। पापा बहुत छोटी उम्र में ही हमें छोड़ कर भगवान के पास चले गए। सब लोग हमसे दूर हो गए, लेकिन उस समय मां ही थीं, जिन्होंने दुख की उस घड़ी में भी साहस से काम लिया। मां ही नहीं बल्कि पापा की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। ऐसा कहना है रामपुर के स्वार की पूजा शर्मा का। जैसे एक चिडिय़ा अपने बच्चों को पंखों में छिपा कर उनकी सुरक्षा करती है, ठीक उसी तरह मां ने हम सब को संभाला और हर समस्या से दूर रखा। खुद कितने भी कष्ट सहे, लेकिन हमें कभी अहसास तक नहीं होने दिया। हमारे लिए अपनी कितनी ही जरूरतों को अनदेखा किया। संकट के समय में भी हमेशा हमारा मनोबल बढ़ाती रहीं। हम कभी इसके लिए आभार के दो शब्द भी नहीं बोल पाए। अब दैनिक जागरण के माध्यम से हम अपने दिल की बात कह रहे हैं। सच्ची में आई लव यू सो मच मां।