अमरोहा के किसान का नहीं हुआ था अपहरण, मुकदमे में समझौते के लिए रची गई थी साजिश
Amroha farmer kidnapping case लापता हुआ किसान मुरादाबाद में मिल गया। स्वजन ने रिश्तेदारों पर ही अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों पक्षों द्वारा पहले भी एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Amroha farmer kidnapping case : अमरोहा में बीते छह नवंबर को लापता हुआ किसान मुरादाबाद में मिल गया। स्वजन ने रिश्तेदारों पर ही अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों पक्षों द्वारा पहले भी एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
काबिलेगौर है कि बीती छह नवंबर को नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव खेतापुर निवासी समुद्रसैन ने कार सवार चार लोगों पर अपने पिता धर्मवीर सिंह का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें मुख्य आरोपित राजेश निवासी मुहल्ला अहमदनगर थाना नगर कोतवाली अमरोहा व तीन अज्ञात को नामजद कराया गया था। पुलिस धर्मवीर सिंह को तलाश कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र चौहान को सूचना मिली कि धर्मवीर सिंह मुरादाबाद की दलपतपुर चौकी के पास है। रात ही मौके पर जाकर उसे बरामद कर लिया गया। पड़ताल में सामने आया कि डेढ़ साल पहले धर्मवीर सिंह की भतीजी रानी की शादी अमरोहा के मुहल्ला अहमदनगर निवासी दिनेश के साथ हुई थी। उसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। धर्मवीर सिंह के भाई यानि रानी के पिता बलवीर ने दामाद दिनेश, समधी राजेश व रोहित तथा संजय निवासी अहमदनगर के खिलाफ नौगावां सादात थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद राजेश कुमार ने नगर कोतवाली में बीती 15 अक्तूबर को बलवीर के बेटे बाबू, धर्मवीर तथा राजू निवासी खेतापुर के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि धर्मवीर सिंह का अपहरण नहीं हुआ था। बल्कि पुराने मुकदमो में समझौता कराने के उद्देश्य से अपहरण का स्वांग रचा था। धर्मवीर सिंह को बरामद कर लिया गया है।