रात में किसान की आंख खुली तो घर के बाहर बैठे मिले दो तेंदुए, शोर मचने पर बची जान
रामपुर के बिलासपुर में इन दिनों तेंदुए का खौफ है। तेंदुए अक्सर आबादी की ओर रुख कर जाते हैं। इससे ग्रामीणों में हमेशा डर बना रहता है। कई बार तेंदुए पालतू जानवरों को भी अपना निवाला बना लेते हैं।
रामपुर। जिले के बिलासपुर मेें तहसील क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव में दो तेंदुए दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव वासियों ने वन विभाग के कर्मचारियों को अवगत कराते हुए उन्हें पकड़वाने की मांग की है।
डंडिया वन के समीप गांव पैगंबरपुर गांव में शुक्रवार की रात गांव निवासी व्यक्ति के घर के बाहर दो तेंदुए दिखाई दिए। इस पर वहां शोर मच गया। थोड़ी ही देर में तमाम ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सबने लाठी-डंडे लेकर तेंदुओं की काफी देर खोजबीन की। लेकिन, कोई सुराग नहीं लग सका। वन दारोगा ओमप्रकाश सिंह के अनुसार उक्त व्यक्ति का घर डंडिया जंगल से सटा हुआ है। इसके चलते ही तेंदुए उसके घर के बाहर आ गए थे। लेकिन, शोर-शराबे के बाद में वे पुनः जंगल में चले गए हैं। बताया कि उनकी तलाश में कॉम्बिंग की गई थी। लेकिन, कोई सुराग नहीं लग पाया है।