तेंदुए ने दौड़ाया तो कमरे में बंद होकर बचाई जान, जानिए क्या है पूरा मामला
Leopard in Amroha अमरोहा में लगातार तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। लोग अब अकेले खेतों की ओर जाने से भी कतराने लगे हैं।
अमरोहा। रूखालू मेंं तेंदुए की कदमताल क्षेत्र में कम नहीं हो रही है सोमवार रात को क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में नलकूप पर फसल की सिचाई कर रहे किसानों के पास तेंदुआ पहुंच गया किसानों ने खुद को नलकूप की कोठरी में बंद करके जान बचाई।
गांव निवासी किसान राम अवतार उर्फ रामी तथा ब्रह्मपाल सिंह सोमवार की रात गांव से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित नलकूप पर अपनी फसल की सिचाई करने गए थे। उनका कहना है साढ़े 10 बजे गन्ने के खेत से तेंदुआ निकला। उसे बिजली की रोशनी में देखकर नलकूप की कोठरी में बंद होकर जान बचाई। तेंदुए के डर से उन्होंने रात भर दरवाजा नहीं खोला। सुबह दिन निकलने पर गांव पहुंचकर उन्होंने लोगों को जानकारी दी। भैंसरोली के रमेश, कंचन व ईदा ने भी तेंदुए के गांव में दिखाई देने की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से क्षेत्र में तेंदुए का शोर हो रहा है। तेंदुए के हमले से ग्राम फूलपुर में महिला शारदा देवी तथा देहरी खादर में युवती जलधारा की मौत हो चुकी है। वन विभाग की टीम द्वारा खजूरी तथा मुबारिजपुर गांव से दो तेंदुए पकड़े जा चुके हैं जिनमें से एक की टीम की निगरानी में मौत हो गई थी। क्षेत्रीय वनाधिकारी सुभाष चौधरी ने बताया कि बाईखेड़ा में तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी नहीं है। तेंदुआ दिखाई दिया है तो तलाश कराई जाएगी।