कनपटी पर लगाते थे नकली पिस्टल, कहते थे जो है सब दे दो Moradabad News
पिस्टल चाकू और अन्य जानलेवा हथियारों से लोग हमेशा डरते हैं। इसी डर का फायदा उठा रहा था मुरादाबाद का एक गिरोह। इस गिरोह के सदस्यों ने नकली पिस्टल को अपना हथियार बनाया था।
मुरादाबाद, जेएनएन। कनपटी पर लगी हर पिस्टल असली नहीं होती, कुछ बदमाश लोगों को धोखा देने के लिए नकली पिस्टल का भी इस्तेमाल करते हैं। वे लोगों के डर का पूरा फायदा उठाते हैं। मुरादाबाद में एक ऐसा ही मामला सामने आया जिसने पुलिस विभाग को भी चौंका दिया। लगातार हो रही लूट और छिनैती की घटनाओं पर को रोकने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया तो आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मझोला पुलिस ने नकली पिस्टल दिखाकर मोबाइल लूटने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एक अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। लुटेरों के पास से चार मोबाइल मिले हैैं।
यह है पूरा मामला
यह जानकारी पुलिस लाइंस सभागार में ब्रीफिंग करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद और सीओ सिविल लाइंस एएसपी दीपक भूकर ने दी। उन्होंने बताया कि मझोला पुलिस ने आकाश कुमार, विवेक, गौरव निवासी एकता कालोनी, थाना मझोला को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी अंकित निवासी एकता कालोनी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस गिरोह में नई उम्र के लड़के शामिल हैैं। गिरोह के सदस्यों के पास एक नकली पिस्टल भी मिला है। इसी को दिखाकर लुटेरे बाइक और साइकिल सवारों के अलावा पैदल चलने वालों से झपट्टïा मारकर मोबाइल लूटकर भाग जाते हैैं। पकड़े गए लुटेरों के पास से चार मोबाइल बरामद हुए हैैं।
बदमाशों से मिली अहम जानकारियां
एएसपी ने बताया कि बदमाशों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैैं। लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक रियाज जैदी, सिपाही अंकुल कुमार, कुलदीप शर्मा और अंकित शामिल थे।