अमरोहा में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा, सिपाही को भी लगी गोली
Encounter in Amroha पुलिस टीम फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक जंगल में कांबिंग करती रही। दूसरे बदमाश की तलाश जारी है।
अमरोहा, जेएनएन। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पीछा किया तो गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। देर रात तक पुलिस जंगल में कांबिंग कर रही थी। घायल सिपाही व बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने घटना स्थल पर जिला अस्पताल जाकर घटना की जानकारी ली।
यह घटना रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। आज आइजी के आदेश पर चेकिंग अभियान चलाया गया था। डिडौली प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक हमराह के साथ जोया-सम्भल मार्ग पर जिले के बार्डर पर स्थित कपासी चौकी पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सम्भल की तरफ से आ रही बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की तो उनमें से पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक के बाद एक कई फायर किए तथा भाग निकले। एक गोली सिपाही टिंकू चौधरी को लग गई तथा वह घायल हो गए। फायरिंग होते ही प्रभारी निरीक्षक व अन्य स्टाफ ने भी मोर्चा सम्भाल लिया तथा बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों ने बाइक भीकनपुर मूंढ़ा की तरफ मोड़ दी। वहां जंगल में जाकर वह बाइक छोड़ कर भागने लगे। जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस भी पीछे लग गई। इस दौरान एक बदमाश को गोली लग गई। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। फौरन ही घायल सिपाही व बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी डॉ. विपिन ताडा पहले घटना स्थल पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली तथा बाद में जिला अस्पताल पहुंच कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की शिनाख्त दाऊद निवासी मुहल्ला नखासा जनपद सम्भल है। वह देहात थाना से 25 हजार रुपये का ईनामी भी है। बीते साल डकैती के मामले में जेल भी गया था। उन्होंने बताया कि दाऊद के खिलाफ लूट, चोरी, गोकशी, डकैती व गैंगस्टर एक्ट समेट लगभग 15 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें दिल्ली व मुरादाबाद के मुकदमे भी शामिल हैं।