अमरोहा में शिक्षक भाइयों के घर आठ लाख की चोरी, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने शुक्रवार रात शिक्षक भाइयों के घर से एक लाख रुपये व जेवरात समेत लगभग आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। जाग होने पर चोर भाग निकले। सीओ व एसओ शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
अमरोहा,जेएनएन। दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने शुक्रवार रात शिक्षक भाइयों के घर से एक लाख रुपये व जेवरात समेत लगभग आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। जाग होने पर चोर भाग निकले। सीओ व एसओ शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंच गए थे। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
चोरी की यह घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव रामनगर की है। यहां पर किसान छुट्टन सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे परम सिंह व अभिमन्यु प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। शुक्रवार शाम को नवरात्र पूजन के लिए उनके घर तैयारी चल रही थी। शनिवार को कन्या भोज व कथा का आयोजन होना था। रात ही उनके पड़ोस में जागरण का आयोजन भी था। घर में सामान रखा होने के कारण छुट्टन सिंह, परम सिंह व अन्य स्वजन नीचे आकर सो गए। जबकि अभिमन्यु व उनकी पत्नी दुमंजले पर सो गए। किसी समय चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए।दुमंजले पर कमरे में घुस कर अलमारी से एक लाख की नकदी व सोना चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। लगभग रात तीन बजे अभिमन्यु को आहट हुई तो उनकी आंख खुल गई। देखा कि पांच चोर घर में थे। उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर बदमाश रस्सी के सहारे दुमंजले से जंगल की तरफ कूद कर भाग गए। थोड़ी देर में ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने जंगल में चोरों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर रात में ही डायल-112 की टीम आ गई। गृहस्वामी ने बताया कि चोर उनके घर से नकदी व जेवरात समेत लगभग आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। शनिवार सुबह को सीओ विजय कुमार राना व एसओ देहात सुरेश गौतम भी गांव पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना है।
गुस्साए ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का किया एलान
गुस्साए ग्रामीणों ने घटनाओं का पर्दाफाश न होने पर चुनाव बहिष्कार का एलान किया है। इस गांव में बीते साल 5 सितंबर की रात को भी बदमाशों ने कस्टम ऑफिसर व भाजपा जिलाध्यक्ष के चाचा के घर समेत तीन घरों ने 60 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया था। आज तक उस घटना का भी पर्दाफाश नहीं किया जा सका है। सीओ ने बताया कि पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्दी ही चोरों को पकड़ कर घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।