मुरादाबाद में डीपीआरओ ने बहाल किए शेरूवा धर्मपुर के प्रधान के अधिकार
ग्राम प्रधान के अधिकार बहाल किए जाने पर गांव के अजीत सिंह व राजेंद्र सिंह ने डीएम व कमिश्नर से मामले की शिकायत की है।
मुरादाबाद। शेरूवा धर्मपुर के प्रधान पातीराम सिंह के गुरुवार को अधिकार बहाल कर दिए गए। प्रधान पर लगे आरोपों की जांच एडीओ पंचायत कुंदरकी और बिलारी की ओर से की गई। जांच में प्रधान के दोषमुक्त पाए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान के अधिकार बहाल कर दिए।
गांव के लोगों ने निर्माण कार्यों में अनियमितता की डीएम से शिकायत की थी। इस पर डीएम ने सेक्रेटरी और प्रधान से प्रपत्रों सहित जवाब-तलब किया था लेकिन, प्रधान और सेक्रेटरी कोई कागज उपलब्ध न करा पाए। जिस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने प्रधान के अधिकार सीज किए जाने के साथ सेक्रेटरी को निलंबित कर दिया था। प्रधान ने न्याय के लिए कोर्ट का सहारा लिया। इधर, जिला पंचायत राज अधिकारी ने कुंदरकी और बिलारी के एडीओ पंचायत को जांच सौंपी है। जिसमें प्रधान दोषमुक्त पाए गए।
दोषमुक्त पाए जाने के बाद प्रधान ने कोर्ट में दाखिल याचिका वापस ले ली। लिहाजा, प्रधान के अधिकार बहाल कर दिए गए। पंचायत राज विभाग के अधिकारियों पर ग्राम प्रधान से साठगांठ कर बहाल करने का आरोप लगाया है। आरोपों को खारिज करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जांच में प्रधान को दोषमुक्त पाया गया है जिसके बाद उनके अधिकार बहाल किए गए हैं।