मकर संक्रांति पर दान से गरीबों की भरी झोली
मुरादाबादजासं गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व की धूम रही। स्नान और दान का सिलसिला सुबह से
मुरादाबाद,जासं : गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व की धूम रही। स्नान और दान का सिलसिला सुबह से शुरू हो गया। शहर भर में खिचड़ी वितरण के लिए शिविर लगे और भंडारे आयोजित किये गए। रामगंगा पर भी लोग स्थान करने पहुंचे लेकिन, गंदा पानी देख आचमन करके लौट आए। शहर से गढ़मुक्तेश्वर और हरिद्वार गंगा स्नान करने भी लोग गए। शहर में दानदाताओं की भीड़ भी मंदिर व रेलवे स्टेशन व चौराहों पर दिखी। दान से गरीबों की झोली भर गई। मंदिरों के आसपास गरीबों की कतार मकर संक्रांति पर आम दिनों की अपेक्षा बहुत अधिक थी। खिचड़ी, कच्चा राशन, कम्बल, रजाई, रेबड़ी व पैसे बांटे। घरों में भी खिचड़ी भोजन के रूप में बनी और खिचड़ी का भोग लगाया गया। सुबह से ही गजक की दुकानों पर भीड़ रही। सबसे ज्यादा रेबड़ी लोगों ने खरीदी। मूंगफली की भी खूब खरीद हुई। शहर में बारादरी, हाईवे, पीलीकोठी चौराहा, कोर्ट रोड, बुधबाजार, कटघर, लाइनपार, दिल्ली रोड समेत कई क्षेत्रों में खिचड़ी का वितरण किया गया। मंदिरों में भी मकर संक्रांति पर पर हवन-यज्ञ किया गया। मनोकामना मंदिर,आवास विकास कालोनी, हाईवे, साईं मंदिर, अकबर किला, कपूर कंपनी के पास दान करने वालों की भीड़ रही। मकर संक्रांति के दिन कई जगह पतंग भी उड़ाई गईं।
आर्य समाज मंडी बांस में मकर संक्रांति पर्व पर यज्ञ, वेद प्रवचन और भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। यज्ञ आचार्य विष्णु दत्त वेदार्थी ने कराया। वेदार्थी ने मकर संक्रांति का महत्व बताया कि 12 राशियों से गुजरकर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं। प्रधान निर्मल आर्य, मनोज रस्तोगी, नवनीत रस्तोगी, विनीत रस्तोगी, प्रीता आर्य, जगदीश गुप्ता, अजब सिंह, वीरेंद्र आर्य, ज्ञानेंद्र गांधी समेत अन्य मौजूद रहे। रोटरी क्लब मुरादाबाद ग्रेट की ओर से मकर संक्रांति खिचड़ी वितरण हुआ। मंडी चौक स्थित ठाकुर जी महाराज के मंदिर के सामने खिचड़ी का वितरण किया गया। ज्योतिषाचार्य आचार्य भोजराज नौन्याल ने मकर संक्रांति का महत्व बताया। क्लब अध्यक्ष गोविद राज नौन्याल, सचिव अमित रस्तोगी, डॉ.मीना कॉल,राकेश रस्तोगी, मनोज रस्तोगी, काव्य रस्तोगी समेत अन्य मौजूद रहे। हिदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल, राष्ट्रीय छात्र परिषद महानगर की ओर से पुरानी तहसील के पास खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर मनोज व्यास, प्रांत अध्यक्ष रोहन सक्सेना, प्रांत प्रचार प्रमुख श्याम कृष्ण रस्तोगी, महानगर मंत्री अंतरराष्ट्रीय हिदू परिषद अमित अग्रवाल, बजरंग दल के अंशुल मित्तल, विशु भावनगर, मीडिया प्रभारी अभिजीत अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पीलीकोठी पर भी नगर निगम के कर्मचारियों व ठेकेदारों ने मिलकर राहगीरों को खिचड़ी बांटी। मकर संक्रांति पर श्री बद्री केदार सेवा समिति की ओर से राजाराम धर्मशाला गांधी नगर में खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर सतीश गर्ग, आलोक अग्रवाल, संजय बंसल, सुनील कुमार अग्रवाल, लक्ष्मी, शोभा, राहुल, मोनिकाका का सहयोग रहा।
मंदिरों में दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़
मंदिरों में दर्शनों के लिए सुबह से भीड़ रही। साईं मंदिर, लालबाग मंदिर, शिव शक्ति मंदिर समेत शहर के कई मंदिरों में विधि विधान से पूजा की और दान दिया। घरों के दरवाजे पर भी दान लेने के लिए गरीबों का सिलसिला सुबह से शुरू हो गया। साईं मंदिर पर दर्शनों को आए लोगों के हाथ सैनिटाइज व तापमान चैककर प्रवेश करने दिया।
मकर संक्रांति से उत्तरायण दिशा में सूर्य ने किया प्रवेश
मकर संक्रांति पर सूर्य अपनी दिशा बदलते हैं। दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर सूर्य के प्रवेश करने के साथ ही दिन में बढ़ोतरी शुरू हो जाती है। दूसरा, धनु राशि को छोड़कर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं। मान्यता है कि सूर्य अपने पुत्र शनि से मिलने जाते हैं और शनिदेव मकर राशि के स्वामी हैं। इस दिन किए गए दान से सौ गुना फल मिलता है।