अमरोहा में बोले जिलाध्यक्ष-कांग्रेस ही दे सकती है देश को सही दिशा
अमरोहा में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने महंगाई और आपराधिक घटनाओंं पर सरकार पर आरोप लगाए। कहा कि कांग्रेस जनता के समक्ष एक बेहतर विकल्प है।
अमरोहा। हसनपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बुधवार को गंगेश्वरी ब्लाक में बैठक के दौरान कांग्रेस पार्टी में आस्था व्यक्त करते हुए देवेश सैनी, विकास त्यागी, अशोक अग्रवाल तथा इकरार सैफी सहित 32 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया, उपाध्यक्ष संगठन डॉ कमलेश सिंह, जिला महासचिव डॉ अहमद मुर्तज़ा, जिला सचिव राजपाल सैनी ने पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया ने कहा कि कांग्रेस ही देश को सही दिशा देगी। संगठन में ईमानदार, निष्ठावान लोगों को जगह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और महंगाई चरम सीमा पर है। सरकार द्वारा लगातार बिजली के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। परंतु किसान के गन्ने का एक भी रुपया योगी सरकार ने नहीं बढ़ाया। गेहूं, धान आदि फसलों का समर्थन मूल्य सरकार नहीं दे रही है। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष तारिक मुहम्मद खां, जिला महासचिव डॉ अमित गुप्ता, जिला सचिव राजपाल सैनी, विनोद कुमार सक्सेना, चरन सिंह सागर, सतीश शर्मा, समीर खां, बबलू सैनी आदि मौजूद रहे।