District Panchayat President Election : रामपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू
मंडल के रामपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट और आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पांच सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मंडल के रामपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट और आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पांच सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसके अलावा मजिस्ट्रेट और पीएसी के जवान भी लगाए गए हैं। जौहर रोड पर आवागमन भी बंद कर दिया गया है।
जिले के प्रथम नागरिक के लिए सुबह 11 बजे शुरू हुआ। यह मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना और परिणाम घोषित किया जाएगा। मतदान को लेकर कलेक्ट्रेट पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चार क्षेत्राधिकारी, 14 निरीक्षक, 58 उप निरीक्षक, 66 मुख्य आरक्षी, 361 आरक्षी, 60 महिला आरक्षी लगाए गए हैं। कुल 563 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा पीएसी के जवान भी तैनात हैं। जौहर रोड पर आंबेडकर पार्क से स्टार चौराहे तक आवागमन पूरी तरह बंद है। एलआइसी चौराहे से कचहरी की ओर आने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है। जिला अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।
सपा सदस्यों के साथ नेता प्रतिपक्ष भी मौजूद : जिले में कुल 34 जिला पंचायत सदस्य हैं। तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा की ओर से ख्यालीराम लोधी और सपा की ओर से नसीम जहां प्रत्याशी हैं। सपा के ही अमरजीत सिंह ने भी नामांकन कराया है। 16 सदस्यों को सहायक उपलब्ध कराए गए हैं। सपा और भाजपा ने अपने सभी सदस्यों को जिले से बाहर भेज दिया था। भाजपा के सदस्य कल शाम जिले में लौट आए, जबकि सपा के सदस्य सुबह सांसद आजम खां के रिसोर्ट पहुंचे। यहां नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी भी मौजूद रहे। यहीं से सभी सदस्य वोट डालने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें :-
विधायक के बयान से गरमाई सम्भल की सियासत, कहा-दल बदलू हैं सपा सांसद, कई बार बदल चुके हैं पार्टी