उत्तर प्रदेश में खून चाहिए तो डायल चन्दौसी Moradabad news
अब तो कभी और कहीं किसी को खून की जरूरत हो तो लोग कहते हैं कि खून चाहिए तो चन्दौसी में मोबाइल नंबर 9719218046 पर फोन लगा लो।
सम्भल (सचिन चौधरी)। लोगों की जिंदगी बचाने के लिए शहर के एक युवा ने रक्त देने के लिए संस्था बनाई और लोगों को जोड़ लिया। अब तो कभी और कहीं किसी को खून की जरूरत हो तो लोग कहते हैं कि खून चाहिए तो चन्दौसी में मोबाइल नंबर 9719218046 पर फोन लगा लो। लोगों के इस विश्वास पर जीवन रक्तदाता संस्था खरी साबित हो रही है। तीन साल पहले नगर की पंजाबी कॉलोनी निवासी अनुज वाष्र्णेय उर्फ अन्नू ने लोगों की जिंदगी बचाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने 30 लोगों की टोली तैयार की। टोली ने अस्पतालों में जाकर रक्तदान करना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने जीवन रक्तदाता संस्था बनाई। संस्था ने लोगों को जोडऩा शुरू किया। पहले मंडल के प्रत्येक जिले में संस्था के सदस्य बनाए गए। इसके बाद संस्था ने पूरे प्रदेश में सदस्य बनाने शुरू कर दिए। अब संस्था के मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बरेली, बदायूं, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़ व आगरा समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में लगभग एक हजार सदस्य बना लिए गए हैं।
दिल्ली में भी बनाए सदस्य
मंडल के जिलों में संस्था के सदस्य बनाने के बाद अब दिल्ली में भी कुछ सदस्य बनाए हैं। पदाधिकारियों का मानना है कि हमारे आसपास के जिलों के मरीज गंभीर हालत में दिल्ली जाते हैं और उन्हें वहां रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में दिल्ली में संस्था के सदस्य उनकी मदद को पहुंच जाते हैं। जीवन रक्तदाता संस्था के अध्यक्ष अनुज वाष्र्णेय उर्फ अन्नू बताते हैं कि शुरुआत में 30 युवाओं की टोली जोड़ी। आज मंडल के साथ कई जिलों में हमारी संस्था के सदस्य हैं। ये सदस्य खुद रक्तदान करने के साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करते हैं। दिल्ली में भी सदस्य बनाए हैं। अगर कोई हमें रक्त के लिए फोन करता है तो हमारे सदस्य अस्पताल पहुंच जाते हैं।