Dengue Malaria in Amroha : डेंगू-मलेरिया मच्छर के खात्मे को अमरोहा में मंगाई गईं सात हजार गम्बूजिया मछली
Dengue Malaria in Amroha डेंगू-मलेरिया को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लगभग सात हजार गम्बूजिया मछलियां मंगवाई हैं। मछलियों को आशंकित क्षेत्रों के गांवों के पास तालाबों में छोड़ा जाएगा। जिसमें यह मछलियां तालाबों में पनप रहे मच्छरों के लार्वा को खाकर नष्ट करेंगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। Dengue Malaria in Amroha : डेंगू-मलेरिया को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लगभग सात हजार गम्बूजिया मछलियां मंगवाई हैं। मछलियों को आशंकित क्षेत्रों के गांवों के पास तालाबों में छोड़ा जाएगा। जिसमें यह मछलियां तालाबों में पनप रहे मच्छरों के लार्वा को खाकर नष्ट करेंगी। फिलहाल विभाग ने मछलियों को तालाब में डालना शुरू कर दिया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. सतपाल सिंह ने बताया कि मच्छरों के प्रकोप से डेंगू और मलेरिया ने आक्रामक रूप धारण कर लिया है। बरसात के मौसम में मच्छर अपना लार्वा गांव के आसपास बने तालाबों में छोड़ देते हैं।
इसके चलते यहां तेजी से मच्छर पनपते हैं। जिनके प्रकोप से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और वह अपना इलाज भी सरकारी अस्पताल के बजाय गांव में झोलाछाप से ही करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीमारी पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सात हजार गम्बूजिया मछलियां खरीदी हैं। जिन्हें सुरक्षित रखा गया है। ये मछलियां डेंगू-मलेरिया आशंकित क्षेत्रोंं के गांवों में बने तालाबों में छोड़ी जाएंगी। यह मच्छरों के लार्वा को खाकर नष्ट कर देंगी। बताया कि धनौरा के मलेशिया, जाटो वाली, शीशोवाली व अन्य गांवों के तालाबों में कुछ मछलियां छोड़ी जा चुकी हैं।
डेंगू से अमरोहा में एक और मरीज की मौत : डेंगू से उपचार के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। कई दिन से उसे बुखार आ रहा था। स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। निजी लैब से जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। हालत बिगड़ने पर स्वजनों ने अमरोहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिले में डेंगू से दूसरी मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।
यह मामला धनौरा क्षेत्र गांव मलेशिया गांव का है। यहां रहने वाले एक किसान को कई दिन से बुखार आ रहा था। पहले तो मामूली बुखार समझकर गांव में ही इलाज कराते रहे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर अन्य चिकित्सकों से इलाज कराया। बावजूद इसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों की सलाह पर निजी लैब से जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हो गई। गुरुवार को उनकी अचानक हालत बिगड़ गई।
स्वजनों ने आनन-फानन में अमरोहा नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शुक्रवार को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिले में डेंगू से दूसरी मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. सतपाल सिंह ने बताया कि डेंगू से मौत होने की अभी जानकारी नहीं मिली है। अगर डेंगू से व्यक्ति की मौत हुई है तो स्वजनों से जांच रिपोर्ट ली जाएगी।