Dengue in Amroha : धुनपुरी में आठ दिन में डेंगू से तीसरी मौत, अब छात्रा ने भी तोड़ा दम
Dengue in Amroha गजरौला में बस्ती के मुहल्ला धुनपुरी में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। आठ दिनों के भीतर यहां पर तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। इस क्रम में एक और छात्रा ने डेंगू से दम तोड़ा है। उसकी मौत से स्वजन में कोहराम मचा है।
मुरादाबाद, संवाद सहयोगी। Dengue in Amroha : अमरोहा के गजरौला में बस्ती के मुहल्ला धुनपुरी में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। आठ दिनों के भीतर यहां पर तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। इस क्रम में एक और छात्रा ने डेंगू से दम तोड़ा है। उसकी मौत से स्वजन में कोहराम मचा है। उसका मुरादाबाद के कासमास अस्पताल में इलाज चल रहा था।
मुहल्ला निवासी कुलदीप सिंह पाल की 15 वर्षीय पुत्री प्रार्थना कक्षा आठ की छात्रा थी। बताते हैं कि वह पिछले चार-पांच दिन से बीमार थी। स्वजन ने बताया कि डेंगू की पुष्टि होने पर उसे मुरादाबाद के कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे उसकी मौत हो गई। वह अपने परिवार की लाडली थी। मृतक के भाई बॉबी पाल ने बताया कि प्रार्थना काफी हुनरमंद थी। उसने डांस के क्षेत्र में कई मेडल भी हासिल किए हैं। लेकिन, डेंगू ने उसे छीन लिया। बता दें कि इससे पहले भी इसी मुहल्ले में दो मासूम बच्चों की मौत हाे चुकी है। चिकित्सा अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने वह स्वयं मौके पर जाकर इस मामले की पड़ताल करते हुए जांच करेंगे।
बुखार से चार वर्षीय मासूम की मौत : मंडी धनौरा में बुखार जानलेवा साबित हो रहा है। बुखार से चार वर्षीय बच्चे ने उपचार के दौरान बिजनौर में दम तोड़ दिया। मौत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में इस्लाम का परिवार रहता है। उसके पुत्र रिहान (चार वर्ष) को पिछले दिनों बुखार आया था। जिसका उपचार झोलाछापों से चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे उपचार के लिए बिजनौर स्थित एक निजी चिकित्सालय में ले गए। जहां बच्चे ने दम तोड़ दिया। मौत से स्वजन में चीत्कार मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया है। चिकित्सा अधीक्षक डा. अमोल कुमार ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। वह गांव में टीम भेजेंगे।