गजरौला में सड़क किनारे मिला शव, हादसे में मौत होने की आशंका
अमरोहा के गजरौला में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना परिवार के लोगों को मिली तो वे बदहवास हो गए। आशंका जताई जा रही है किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मौत हो गई।
अमरोहा। गजरौला में चकनवाला मार्ग किनारे पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। उसकी मौत किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
नगर के चौपला पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला सुल्तान नगर निवासी प्रकाश का 26 वर्षीय पुत्र देवेंद्र शुक्रवार की रात खादर क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में अपनी भतीजी का रिश्ता करवा कर बाइक से लौट रहा था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। शनिवार की सुबह उसका शव चकनवाला मार्ग पर पड़ा मिला। उसके पास से क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी मिली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने रौंंंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक आरके शर्मा ने बताया कि मृतक के भाई रूपराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार के लोग देवेंद्र के आने का इंतजार कर रहे थे। पहले उन्हें लगा कि वह किसी जरूरी काम से रुक गया होगा लेकिन बाद में मौत की सूचना मिलने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस मौत की वजह जानने के प्रयास में जुटी है।