गजरौला हाईवे पर डीसीएम ने ई रिक्शा सवार महिलाओं को रौंदा, एक की मौत, पांच घायल
जनपद अमरोहा के गजरौला में हाईवे पर ई रिक्शा सवार छह महिलाओं को पीछे से एक डीसीएम ने रौंद दिया।
मुरादाबाद ।जनपद अमरोहा के गजरौला में हाईवे पर ई रिक्शा सवार छह महिलाओं को पीछे से एक डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बाकी पांच घायल हो गई। शनिवार की सुबह छह बजे मोहल्ला सुल्तान नगर निवासी समर पाल की 40 वर्षीय पत्नी कंचन, धीरेंद्र की पत्नी शांति देवी, हरीश की पत्नी सरिता, मोती लाल की पत्नी विमला, धर्मपाल की पत्नी अनीता, जयपाल की पत्नी विमलेश रोजाना की तरह एक ई रिक्शा में सवार होकर हाईवे स्थित निर्मल फाइबर कंपनी में काम करने जा रही थी। हाईवे पर भानपुर रेलवे फाटक के पास में दिल्ली की ओर से आई एक डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में ई रिक्शा सवार सभी छह महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी को सीएचसी लाया गया। गम्भीर हालत देख कंचन को हायर सेंटर रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
माैत से परिजनों में मचा कोहराम
महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर हादसे के बाद चालक डीसीएम सहित फरार हो गया। इस प्रकार से हादसे आए दिन चालकों की लापरवाही के चलते हो रही है। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।