Azam Khan Release: आजम खां की रिहाई पर बहू बोली, यह दिन हमारे लिए ईद की तरह
अखिलेश यादव के आजम खां की रिहाई के वक्त न पहुंचने के सवाल पर कहा कि कोई बात नहीं फिर कभी सही। कहा कि ये सवा दो साल का समय बहुत मुश्किल भरा रहा। दो ईद रमजान सभी त्योहार उनके बिना निकल गए। त्योहारों में कोई रौनक नहीं थी।
रामपुर, जेएनएन। आजम खां के बड़े बेटे अदीब आजम की पत्नी सिदरा अदीब ने आजम खां के जेल से रिहा होने के बाद कहा कि वह करीब 27 माह बाद जेल से रिहा हो रहे हैं, आज का दिन हमारे लिए ईद के दिन की तरह है। कहा कि लोगों में खुशी है कि वे उनके बीच आए हैं। इसी लिए लोगों ने जोरशोर से स्वागत किया है।
अखिलेश यादव के आजम खां की रिहाई के वक्त न पहुंचने के सवाल पर कहा कि कोई बात नहीं फिर कभी सही। कहा कि ये सवा दो साल का समय बहुत मुश्किल भरा रहा। दो ईद, रमजान सभी त्योहार उनके बिना निकल गए। त्योहारों में कोई रौनक नहीं थी। हर त्योहार की रौनक, शानो-शौकत और इज्जत उनसे ही है। कहा कि त्योहार ही नहीं कोई पल ऐसा नहीं गुजरा जब उनकी याद या ख्याल न रहा हो। विधानसभा चुनाव में रामपुर वालों ने जो मोहब्बत दी, उससे उन्होंने अपनी भावनाओं का इजहार किया। वह परिवार के बड़े हैँ और रामपुर के भी बड़े हैं।
आजम का मिलक में जोरदार स्वागत : लंबे समय बाद सपा के कद्दावर नेता आजम खां की रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। नगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।शुक्रवार सुबह आठ बजे सपा नेता और रामपुर शहर सीट से विधायक आजम खां की सीतापुर जेल से सुप्रीम कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत मंजूर होने के बाद रिहाई हो गई। आजम की रिहाई की खबर आते ही देर रात से ही उनके समर्थक सीतापुर जेल पहुंचना शुरू हो गए। सैकड़ो की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उनके बाहर आने पर जोरदार नारेबाजी कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
सीतापुर से चलने के बाद काफिले के साथ दोपहर डेढ़ बजे नगर पहुचे। पुलिस ने उनके काफिले को बेरीकेडिंग कर रोक लिया और गाड़ियों को एक-एक कर वहां से रवाना किया। नगर के बाईपास हाईवे पर स्थित अमर भैरव बाबा मंदिर पर सपा कार्यकर्ताओं ने सैकड़ो की संख्या में पहुंच कर पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष केतकी गंगवार, अमरजीत सिंह, जीशान रजा खां, इकरार हुसैन, शशांक गंगवार, महिपाल यादव, शाकिर कुरैशी, नाजिम वारसी, नन्हे कादरी, असलम, शाकिर, मनोज शुक्ला, अजय सिंघल, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री राशिद अंसारी, वीरेंद्र गोयल, नाजिद, राजू, आजम, यूनुस अंसारी, शोएब खां, ओमेंद्र गंगवार आदि मौजूद रहे।