पांच साल बाद महिला को मिला इंसाफ, दुष्कर्म के मामले में कोर्ट ने दोषी को सुनाई दस साल कैद की सजा
Amroha Court News घर में घुस कर विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने युवक को 10 साल कैद की सजा सुनाई है। मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 16 मई 2017 की रात को वारदात को अंजाम दिया गया था।
अमरोहा, जेएनएन। Amroha Court News : घर में घुस कर विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने युवक को 10 साल कैद की सजा सुनाई है। उस पर 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बीती 16 मई 2017 की रात को यहां रहने वाला किसान खेत की रखवाली करने जंगल गया था। घर पर उसकी पत्नी व बच्चे थे। रात में गांव का ही मेघराज घर में घुस गया था।
उसने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया था तथा जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मेघराज को जेल भेज दिया था। बाद में वह जमानत पर छूट आया। यह मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम निशांक शैव्य की अदालत में चल रहा था। सोमवार को अदालत ने सुनवाई के दौरान मेघराज को दोषी करार दिया। शासकीय अधिवक्ता संजीव चौधरी ने दोषी को सख्त सजा देने की मांग की। अदालत ने मेघराज को 10 साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
खेत में मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं : खेत में ट्यूबवेल के पास अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार मृतक देखने में मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा है।क्षेत्र के गांव मुसल्लेपुर में होशराम के खेत में ट्यूबवेल के पास एक अज्ञात 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस में शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त दिखाई दे रहा है। शरीर पर किसी तरह के चोटों के निशान नहीं है।