कांग्रेस के प्रदेश सचिव सचिन चौधरी बोले-पार्टी को बदनाम करने के लिए दुष्प्रचार कर रहे विपक्षी
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद इस के आडियो वायरल करके माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस मामले में उन्होंने शहजाद राशिद फ़राज़ बिलाल राकेश अग्रवाल एवं कुछ अज्ञात के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सचिन चौधरी ने खुद पर लगे आरोपों की सफाई दी है। उन्होंने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगा रहे लोगों पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर अपशब्दों का झूठा आडियो वायरल किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर प्रशासन और पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद इस के आडियो वायरल करके माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस मामले में उन्होंने शहजाद, राशिद, फ़राज़, बिलाल, राकेश अग्रवाल एवं कुछ अज्ञात के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ सियासी प्रतिद्वंदी मेरी और कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करना चाहते हैं। जिन लोगों के द्वारा ऐसा किया गया है,उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही मानहानि का केस दर्ज किया जाएगा।
सपा कार्यालय में हुई आइटी सेल की बैठक : राजनीतिक पार्टियों ने आइटी सेल की मजबूती पर जोर देना शुरू कर दिया है। चक्कर की मिलक स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आइटी सेल की मीटिंग हुई। इसमें जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि समाजवादी आईटी सेल प्रभारियों की इस चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी मेहनत से काम करना है। जो भी आइटी सेल के साथी जानकारी ग्रुप में शेयर करें। उसे सभी समाजवादी साथियों को आगे शेयर करने का काम करना है। महानगर अध्यक्ष शाने आली शानू ने बताया कि महानगर प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी डिजिटल विंग का काम बारीकी से समझ लें। आदर्श आचार संहिता लग चुकी है। उसके नियमों का पालन करने के साथ ही पार्टी की हर गतिविधि जो उन्हें कार्यालय से मिले। उसे इंटरनेट मीडिया पर भेजें। इसमें आइटी सेल प्रभारी महेंद्र सिंह, विवेक गंगवार हशमत अली को लखनऊ से ही नियुक्त किया गया है। बैठक में नवदीप सिंह जाटव, आशुतोष यादव, कामिल मंसूरी, शाकिर सलमानी, मोहसिन खान, नंद किशोर यादव, विवेक चौधरी, अफरोज वारसी, शीरी गुल, सैयद अफजाल अली, समीर शर्मा, कुलदीप तुरैहा, विजय वीर सिंह यादव, नेत्र मान सिंह, मनीष जाटव, सनी वाल्मीकि आदि रहे।