शहर के अंदर आने वाली सिटी बसों के परमिट नवीनीकरण पर रोक
मुरादाबाद संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में महानगर के जाम को लेकर चर्चा हुई।
मुरादाबाद : संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में महानगर के जाम को लेकर चर्चा हुई। जिसमें कांठ, चन्दौसी के परमिट वाले ऑटो रिक्शा और सिटी बसों को शहर के अंदर आने पर रोक लगाने का आदेश दिया गया। शहर के अंदर आने वाली सिटी बसों के परमिट का नवीनीकरण करने से इन्कार कर दिया।
बैठक में कहा गया कि वर्तमान में बिलारी, दलपतपुर व पाकबड़ा मार्ग पर सिटी बसों चलती हैं। इन बसों को सिटी के अंदर आने पर रोक है, उसके बाद भी शहर के अंदर बसों को चलाया जा रहा है। इसी तरह कांठ, चन्दौसी, अमरोहा के परमिट वाले ऑटो रिक्शा भी शहर के अंदर काफी संख्या में चलते हैं। प्रतिबंध के बाद भी टेंपो व छोटे वाहन शहर के अंदर आ रहे हैं। महानगर में चलने वाले ऑटो रिक्शा के मार्ग निर्धारित हैं, उसके बाद भी निर्धारित मार्गों पर ऑटो रिक्शा नहीं चल रहे हैं। ई-रिक्शा को मुख्य शहर के अंदर चलने पर रोक है, उसके बाद भी मुख्य मार्ग पर ई रिक्शा को चलाया जा रहा है। जिससे शहर में जाम लग जाता है।
मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने शहर के अंदर आने वाली सिटी बसों के परमिट के नवीनीकरण पर रोक लगा दी है। पुलिस अधीक्षक यातायात व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन को आदेश दिया है कि नियम का पालन नहीं करने वाले ऑटो रिक्शा संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। शहर के अंदर टेंपो व छोटे यात्री वाहन को नहीं आने दिया जाएगा। रोडवेज प्रबंधन को आदेश दिया है कि रोडवेज की बसों को सड़क पर खड़ी न होने दें।