मुरादाबाद में क्रिसमस को लेकर उत्साह, झांकियां खीचेंगी लोगों का ध्यान, चर्चों में गूंजने लगे प्रभु यीशु के गीत
24 दिसंबर को आधी रात को प्रभु यीशु मसीह के जन्म को लेकर झांकियां भी बननी शुरू हो चुकी हैं। टाउन हाल स्थित ओल्ड मैथोडिस्ट चर्च दांग चर्च एंथोनी चर्च द साल्वेशन चर्च सैंटपाल चर्च समेत सभी चर्चों में क्रिसमस डे की तैयारियां चल रहीं हैं।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। क्रिसमस पर्व की रंगत चर्च से लेकर घरों में दिखने लगी है। चर्चाें को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं घरों को भी जिंगल बैल्स, क्रिसमस ट्री, रंग बिरंगी झालर से सजाया गया है। शहर के सातों चर्चों में प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन की बधाई बच्चे और बड़े गाने लगे हैं। मैथोडिस्ट चर्च की ओर से भी बच्चे प्रभु यीशु मसीह के गीतों को टोलियां घर-घर जाकर प्रस्तुत कर रही हैं।
24 दिसंबर को आधी रात को प्रभु यीशु मसीह के जन्म को लेकर झांकियां भी बननी शुरू हो चुकी हैं। टाउन हाल स्थित ओल्ड मैथोडिस्ट चर्च, दांग चर्च, एंथोनी चर्च, द साल्वेशन चर्च, सैंटपाल चर्च समेत सभी चर्चों में क्रिसमस डे की तैयारियां चल रहीं हैं। बाजार में भी क्रिसमस डे के लिए सामान की खरीदारी तेज हो गई है। ताड़ीखाना स्थित जनरल स्टोर की दुकानों पर खासी भीड़ है। सफेद और हरे रंग के क्रिसमस ट्री, सांता क्लाज, रंग-बिरंगी बाल, सांता क्लाज की दाढ़ी मूछ, फेस मास्क खरीदे जा रहे हैं। मैथोडिस्ट चर्च के पास्टर ब्रजेश मैंशल ने बताया कि क्रिसमस डे पर कैरल्स कई दिन पहले से घरों में शुरू हो जाते हैं। चर्च को सजाने को अंतिम तैयारियां चल रही हैं।
क्रिसमस मेले का शुभारंभ : पीलीकोठी स्थित मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज में क्रिसमस एवं न्यू इयर मेले का शुभारंभ महापौर विनोद अग्रवाल ने फीता काटकर किया। मेले में एक ही स्थान पर खुर्जा क्राकरी, भदोही का कारपेट समेत विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प उत्पादों के साथ बच्चों के खेलने के लिए राजस्थानी ऊंट की सवारी, विभिन्न प्रकार के झूले तथा घर के प्रत्येक सदस्य के लिए कुछ न कुछ उपलब्ध है। मेले में हलवा पराठा के स्टाल पर खासी भीड़ देखी जा सकती है। नए साल एवं क्रिसमस के आने के उपलक्ष्य में प्रथम दिन से ही मुरादाबाद की जनता का खासा सहयोग मिल रहा है। इसमें शेखर, सुरेश शुक्ला, अजहरुद्दीन, प्रधान मुहम्मद आजम आदि रहे।