मुरादाबाद के ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए प्रधानों से सीधा संवाद करके विकास को गति देने के साथ काेरोना में मदद के लिए टिप्स देंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रधानों को बस्ते नहीं मिलते हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 मई को नए प्रधानों से सीधा संवाद करके विकास को गति देने के साथ काेरोना में मदद के लिए टिप्स देंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रधानों को बस्ते नहीं मिलते हैं। सारे कागजात सचिवों के पास रहते हैं। प्रधान और सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से ग्राम पंचायतों में होने वाले कामों का भुगतान होता है। इसके लिए दो दिन में नए प्रधानों के डोंगल बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। डोंगल बनते ही ग्राम पंचायतों में प्रधानों के हिसाब से काम होना शुरू हो जाएगा। 28 मई को मुख्यमंत्री नए प्रधानों से वर्चुअल संवाद करेंगे। इसके लिए सभी को मोबाइल से जोड़ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रधानों को ग्राम पंचायतों के विकास को गति देने के साथ कोरोना से जंग लड़ने में उनकी भूमिका के बारे में बताएंगे। उनसे अपने-अपने गांव में कोरोना की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए कहेंगे। ताकि कोरोना महामारी से निजात पाई जा सके।
प्रधान खुद करेंगे अपना काम
जिला प्रशासन इस बार नए ग्राम प्रधानों को काम करने का तौर तरीका समझाने के लिए प्रशिक्षण देने का काम करेगा। इससे ऐेसे लोगों का प्रधानी करने का सपना धरा रह जाएगा जो आरक्षित वर्ग के लोगों का समर्थन करने के बाद खुद को प्रधान समझ रहे हैं। डीपीआरओ ने बताया कि महिला प्रधानों को भी इस बार खुद काम करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वास्तव में जनता ने जिसे प्रधान चुना है, वही लोग काम करेंगे। किसी दूसरे व्यक्ति को प्रधानी करने का मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
यह भी पढ़ें :-
UP Crime : ग्राम प्रधान को ट्रैक्टर से कुचला, हालत गंभीर, गांव में पुलिस और पीएसी की तैनाती