Chetan Chauhan Passes Away : अमरोहा के खिलाड़ियों का सपना पूरा कर गए चेतन चौहान
Chetan Chauhan Passes Away युवाओं को रोजगार परक अध्यन के लिए चेतन चौहान ने जिले को दो आइटीआइ भी दिए। एक गांव गजस्थल में तो दूसरा रहरई में है।
अमरोहा। वह खुद खिलाड़ी रहे थे तो खिलाड़ियों की दिक्कतें भी बखूबी समझते थे। युवाओं की क्या चाहिए इस बारे में भी उन्होंने हमेशा गौर किया। किसानों की समस्याओं से भी बखूबी वाकिफ थे। हर एक मुद्दे पर उनकी पकड़ रही। यही वजह है कि उन्होंने जिले में खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम की स्थापना कराई तो किसानों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की सौगात जिले को दिलाई।
युवाओं के लिए जिले को दो आइटीआइ भी दिए। जिनके माध्यम से जिले के लोग चेतन चौहान को हमेशा याद रखेंगे। यूं तो अमरोहा जनपद में खिलाड़ियों के लिए तीन बड़े मैदान मौजूद थे। सपा शासन काल में विधायक महबूब अली ने जीआइसी के मैदान को स्टेडिमय का रूप दिया था तो सिख इंटर कालेज नारंगपुर के मैदान के साथ ही खरखौदा में भी बड़ा मैदान है। जिस तरह से यहां के खिलाड़ी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर रहे हैं, उसे देखते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम जिले को दिया है। गांव मालीखेड़ा में उनके प्रयासों से स्टेडियम का निर्माण शुरू हो चुका है। उन्होंने खुद स्टेडियम निर्माण का शिलान्यास किया था। इतना ही नहीं किसानों की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने जिले को कृषि विज्ञान केंद्र भी दिलाया। वर्तमान में मंडी समिति परिसर में संचालित कृषि विज्ञान केंद्र उनकी ही देन है। यह उपलब्धियां एक राजनेता के तौर पर भले ही चेतन चौहान के लिए मामूली रही हों, लेकिन जिले के खिलाड़ियों, किसानों व युवाओं के लिए बड़ी सौगात हैं। यहां के लोग इनके सहारे चेतन चौहान के हमेशा याद करेंगे।