Weather : बदला मौसम, रात में बारिश के बाद बढ़ी ठंड, पूरे सप्ताह छाए रह सकते हैं बादल
Moradabad Weather जिले में मौसम तेजी के साथ बदल रहा है शनिवार के जहां पूरे दिन गुनगुनी धूप रही वहीं रात में बारिश हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक सप्ताह तक बादल छाए रह सकते हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Weather। नए साल पर हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बाद शनिवार को मौसम बदला नजर आया। सुबह से ही गुनगुनी धूप खिली, जिस कारण न्यूनतम से लेकर अधिकतम तापमान में बदलाव हुआ। शाम तक मौसम ठीक रहा लेकिन रात में मौसम फिर से बदल गया। चारों ओर बादल घिर आए, इसके बाद थोड़ी की देर में बारिश शुरू हो गई। बारिश होने की वजह से सुबह की ठंड में इजाफा हो गया।
जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिस कारण तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले पूरे सप्ताह बादल छाए सकते हैं। साल 2021 के पहले दिन पारे ने पिछले दस सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। लेकिन, शनिवार को सुबह से ही धूप खिली। हालांकि, छाए बादलों के कारण धूप में गुनगुनाहट बनी रही। फिर भी लोगों को कुछ राहत जरूर महसूस हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान में बादल छाए हुए हैं, इसलिए रविवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं, जो एक सप्ताह तक रहेगा। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने इस सप्ताह ठंड से कुछ राहत मिलने की भी संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक निसार अहमद का कहना है कि इस सप्ताह पारा 10 डिग्री तक ऊपर चढ़ सकता है। वहीं दूसरी ओर ठंड बढ़ने की वजह शहर में तकरीबन हर चौराहे पर लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं। गर्म कपड़ों की खरीदारी भी बढ़ गई है।