डीसीएम से टकराई कार, लखीमपुर खीरी के युवक की मौत, 14 घायल
DCM-Car collision in Amroha जिले के रजबपुर क्षेत्र में हाईवे पर एक कार डीसीएम से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमरोहा, जेएनएन। DCM-Car collision in Amroha। श्रमिकों से भरी मैक्स कार आगे चल रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी श्रमिक जनपद लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। स्वजनों को सूचना दे दी गई है।
यह हादसा रजबपुर क्षेत्र में हाईवे पर थाने से थोड़ा आगे बुधवार तड़के लगभग चार बजे हुआ। लखीमपुर खीरी के थाना गोला गोकरन नाथ क्षेत्र के गांव दलेलनगर व थाना भीरा के गांव बालहा सिकटिया निवासी श्रमिक हरियाणा के पानीपत थाना क्षेत्र के कस्बा डीघल में धान की कटाई करने गए थे। धान की कटाई का सीजन खत्म होने के बाद वे सभी लोग मंगलवार शाम को गांव के लिए रवाना हुए थे। घर जाने के लिए सभी ने नरेंद्र सिह निवासी सिलोटी जिला झज्जर हरियाणा की मैक्स कार किराए पर ली। ठेकेदार रणवीर सिंह भी उनके साथ था। सभी 15 लोग मैक्स में सवार थे। तड़के चार बजे जब मैक्स हाईवे पर रजबपुर थाने से थोड़ी आगे निकली तो उनके आगे चल रही डीसीएम के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे से आ रही मजदूरों से भरी मैक्स डीसीएम में पीछे से घुस गई। इस हादसे में श्रमिक रंजीत निवासी गांव बालहा सिकटिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सभी श्रमिक घायल हो गए। हादसा होते ही मची चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। सूचना पाकर पुलिस भी आ गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से सात को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हादसे में ये हुए घायल
1- कांता प्रसाद
2-शिव भगवान
3-अनिल कुमार
4-अवधेश कुमार
5-अवध राम
6-सुरेंद्र सिंह
7-अनिल मल्होत्रा
8-अमर सिंह
9-अमरजीत
10-गुड्डू
11-राम सनेही
12-राम सहाय
निवासीगण गांव दलेलनगर थाना गोलागोकरण नाथ, जिला लखीमपुर खीरी।
13-नरेंद्र सिह निवासी सिलोटी जिला झज्जर हरियाणा।
14-रणवीर सिंह निवासी कस्बा डीघल थाना व जनपद पानीपत हरियाणा।