सम्भल में अब बंद नहीं रहेगी मंडी, किसानों को मिलेगी राहत
बंदी में सम्भल की मंडी बंद रहने से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को उठाया तो प्रशासन ने किसानों को बड़ी राहत दे दी।
सम्भल। जिले के चन्दौसी में दो दिन की बंदी में इस बार सब्जी मंडी को भी बंद कर दिया गया था। मंडी प्रशासन की लापरवाही के चलते किसानों को खासा नुकसान उठाना पड़ा। इसे दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन ने सब्जी मंडी खोले जाने का निर्णय लिया है। वही सोमवार और मंगलवार को भी व्यापारियों से बाजार बंद रखने की बात कही।
पिछले बार करीब दो माह की बंदी में अधिकतम संस्थान व प्रतिष्ठान बंद रहे थे, लेकिन सब्जी मंडी खुली रही थी। क्योंकि सब्जी के बिना शायद की कोई रह पाए। वैसे भी जिन किसानों ने सब्जी कर रखी थी उन्हें खासा नुकसान होता। इस बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 55 घंटे की बंदी का घोषणा की तो यहां सब्जी मंडी को भी बंद कर दिया। मंडी प्रशासन ने की लापरवाही से इसका प्रचार प्रसार नहीं किया गया था। इसलिए भारी संख्या में किसान शनिवार को सब्जी लेकर पहुंचे लो मंडी में नहीं घुसने दिया और गेट बंद कर दिया गया। ऐसे में जो किसान अपनी सब्जी लाए थे उन्होंने अपनी सब्जी गुमथल चौराहे पर सड़क किनारे औने पौने दाम पर रखकर बेचना शुरू कर दी, लेकिन वहां के दुकानदारों को यह गवारा नहीं हुआ और पुलिस को सूचना कर दी। पुलिस वहां पहुंची और सभी को लाठी फटकार भगा दिया। इससे किसानों को खासा नुकसान हुआ। दैनिक जागरण ने इसे प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। इसके बाद प्रशासन की नींद खुली।
रविवार की शाम कोतवाली में पुलिस प्रशासन ने मंडी आढ़ती और बाजार के व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें दो दिन की बंदी के बाद भी प्रशासन ने मंडी को खोले जाने का निर्णय लिया है। इसके लिए कोतवाली में व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें पुलिस प्रशासन व व्यापारियों के बीच वार्ता हुई। इसमें एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित ने कहा कि व्यापारियों व किसानों को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा और मास्क लगाकर मंडी में आना होगा। इसके अलावा शहर के व्यापारियों से भी वार्ता की गई। अगले दो दिन तक बाजार बंद रखने की बात एसडीएम ने कही। लोगों ने बताया कि दो दिन से लगातार सब्जी मंडी बंद रहने से सब्जियां महंगी हो गई है। वह भी शहर में बामुश्किल मिल रही हैं। अगर मंडी दो दिन और बंद रहती है तो सब्जियों के दाम आसमान छूने लगेंगे। इससे लोगों की जेब पर खासा असर पड़ रहा है।