हाईवे पर कैंटर ने बाइक को रौंदा देवरानी जेठानी की मौतMoradabad news
आरोप है कि कैंटर ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई जबकि मोहित जख्मी हो गया। दोनों शवों को हाईवे की पेट्रोलिंग जिप्सी से सिपाही जिला अस्पताल लाए।
मुरादाबाद,जेएनएनएन। हाईवे पर यूनिक लॉ कालेज के पास कैंटर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में देवरानी-जेठानी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा देवरानी का बेटा घायल हो गया। तीनों अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के अंतिम संंस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। घायल युवक को टीएमयू में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को अमरोहा के डिडौली गांव के छत्रपाल सिंह की मौसी भगवान देवी(60) निवासी ग्राम पदारथपुर, थाना पाकबड़ा की कैंसर से मौत हो गई थी। छत्रपाल सिंह का भतीजा मोहित कुमार उनकी पत्नी विमला देवी (50) और अपनी मां शीला देवी(38) को बाइक से लेकर पदारथपुर आया था। दूसरी बाइक पर उनका मझला भाई विजय सिंह और उनकी पत्नी सवार थीं। तीसरी बाइक पर डिडौली में ही रहने वाला उनका मौसेरा भाई वीर सिंह सवार था। भगवान देवी के अंतिम संस्कार के बाद तीनों बाइक सवार घर लौट रहे थे। इस दौरान हाईवे पर यूनिक लॉ कालेज के पास पीछे से कैंटर ने मोहित की बाइक को रौंद दिया। टक्कर लगने पर मोहित छिटककर सड़क के किनारे जा गिरा। उसकी मां और ताई बीच सड़क पर गिर गई। यहां शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना से छत्रपाल सिंह के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसओ पाकबड़ा नीरज सिंह ने बताया कि हादसे में मरने वाली महिलाओं के परिवार वाले पहुंच गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
दो साल पहले पिता की हो गई थी मौत
मोहित के पिता योगेश कुमार की दो साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। मां शीला देवी ने जैसे-तैसे उसका पालन पोषण किया। मोहित की बड़ी बहन अंजलि ग्यारहवीं की छात्रा है। वह नवीं में पढ़ रहा है। पिता के बाद मां की मौत ने दोनों को बेसहारा बना दिया है।
काम छोड़कर घटना स्थल पर पहुंचे पिता-पुत्र
हादसे की सूचना मिलने ही डिडौली गांव में कोहराम मच गया। विमला देवी के पति छत्रपाल सिंह बुढऩपुर में फर्म में काम करते हैं। वह फौरन वहां से घटनास्थल पर पहुंचे। बेटा करनवीर मुरादाबाद में रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह भी मां की मौत की खबर मिलने पर मोर्चरी पहुंचे।
छोटी बेटी की शादी की थी तैयारी
छत्रपाल सिंह ने बताया कि करनवीर और अवधेश उनके दो बेटे हैं। बड़ी बेटी मंजू की शादी कर दी है। छोटी बेटी शीतल की शादी की तैयारी चल रही थी। विमला देवी की मौत के बाद शादी की तैयारियां भी थम गईं हैं।