By-election in Amroha : नौगावां विधानसभा क्षेत्र में बढ़ेंगे 117 बूथ, जोन और सेक्टर भी बढ़ाए जाएंगे
By-election in Amroha कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन के बाद खाली सीट पर चुनाव होना है। इसके लिए डीएम ने सभी एसडीएम को बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
अमरोहा। By-election in Amroha। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों को प्रशासन ने तेज कर दिया है। उसके द्वारा जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती का काम किया जा रहा है। चूंकि इस बार 117 बूथ विस क्षेत्र में बढ़ाए जा रहे हैं। इसलिए मजिस्ट्रेटों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद हैं। हालांकि, डीएम ने सभी एसडीएम को बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के निर्देश जारी किए हैं।
कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की मौत के बाद नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में विधायक पद के लिए उपचुनाव होगा। जिसकी तैयारियां जोरशोर के साथ चल रही हैं। यहां बता दें कि पिछले चुनाव में विस क्षेत्र में 372 बूथ बनाए गए थे लेकिन, इस बार एक हजार से अधिक मतदाता वाले बूथों पर सहायक बूथ बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने 117 सहायक बूथ विस क्षेत्र में बनाने की तैयारी की है। जिस पर राजनीतिक दलों ने भी अपनी सहमति दे दी है। यह बूथ एक ही परिसर में बनेंगे। 11 बूथ ऐसे हैं जो दूसरे भवन में बनाए जाएंगे। पिछली बार चार जोन व 34 सेक्टरों में क्षेत्र बंटा था लेकिन, अबकी बार उनकी संख्या में बूथों के बढ़ने की वजह से इजाफा हो सकता है।इस संबंध में उपजिलाधिकारी नौगावां सादात ने बताया कि जोन व सेक्टरों को बनाने की कार्रवाई चल रही है। चूंकि इस बार विस क्षेत्र में बूथ ज्यादा बन रहे हैं, इसलिए उनकी संख्या में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है। इधर जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने सभी एसडीएम को बूथों का निरीक्षण कराकर छूटे मतदाताओं के नाम अभियान चलाकर वोटर लिस्ट में जोड़ने के निर्देश दिए हैं।