Move to Jagran APP

By-election in Amroha : मतदान फीसद में संगीता ने तोड़ द‍िया चेतन चौहान का र‍िकॉर्ड

पिछले चुनाव में चेतन चौहान ने जहां 41.49 फीसद वोट हासिल किए थे वहीं संगीता ने उससे भी अधिक 41.87 फीसद वोट हासिल कर उन्हें श्रद्धांजिल अर्पित की। खुद मुख्यमंत्री जनसभा करने अमरोहा आए। दो बार उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य भी पहुंचे।

By Narendra KumarEdited By: Published: Wed, 11 Nov 2020 08:22 AM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2020 08:22 AM (IST)
By-election in Amroha : मतदान फीसद में संगीता ने तोड़ द‍िया चेतन चौहान का र‍िकॉर्ड
संगीता चौहान के काम आई चेतन की जमापूंजी।

अमरोहा (अनिल अवस्थी)। भाजपा की विजेता प्रत्याशी संगीता चौहान के काम चेतन की जमापूंजी आई। पति के असामयिक निधन से संगठन और सरकार के साथ आम जनमानस के बीच उनके परिवार के प्रति सहानुभूति की लहर दौड़ गई थी। यही वजह थी कि कई दावेदारों को दरकिनार कर भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी चुना। चुनावी प्रचार में भी सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी। इसके बाद मतदाताओं ने भी चेतन के विकास कार्यों के बदले वोटों की बारिश कर उनका कर्ज उतार दिया। मतदान फीसद में संगीता ने चेतन से भी अधिक वोट हासिल कर अपना परचम लहराया है।

loksabha election banner

पिछले विधानसभा चुनाव में जब चेतन चौहान भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे, तब प्रदेश में सपा की सरकार थी। न गाड़ियों का काफिला और न समर्थकों का हुजूम। तीन समर्थकों के साथ सादगी के बीच उन्होंने अपना नामांकन कराया था। चुनाव में मतदाताओं ने उन्हें अपने सिर आंखों पर बिठाया। सरकार ने भी उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया। खेल विभाग मिला तो उन्होंने सौगात के रूप में जिले को स्टेडियम दिलाया। कई अन्य विकास कार्य भी किए। मगर गलत कामों की सिफारिश से दूर रहने के कारण कई लोगों की नाराजगी के शिकार भी हुए। कोरोना काल शुरू हुआ तब भी प्रशासन से लगातार संपर्क साधे रहे। मगर खुद कोरोना की चपेट में आकर स्वर्ग सिधार गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होने के चलते आम जनमानस के बीच वह लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से हर किसी को उनके परिवार से सहानुभूति थी। हालांकि उनकी सीट से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से ही 21 अन्य दावेदार मैदान में थे। मगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगीता को क्षेत्र में रहने का संदेश देकर उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का संकेत दे दिया था। उन्हें टिकट मिला तो उनके प्रतिद्वंद्वी उनकी उम्र को लेकर फिकरे कस रहे थे। मगर संगीता ने महज 14-15 दिनों में सियासी लीड हासिल कर ली। मंच पर भी खुलकर बोलीं, चेतन को यादकर फफक-फफक कर रोयीं भी। उनके लिए खुद मुख्यमंत्री जनसभा करने अमरोहा आए। दो बार उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य भी पहुंचे। इन सबके पीछे चेतन चौहान की ही थाती थी। उनकी जमापूंजी संगीता के काम आई।

प्रमाणपत्र लेने गईं तो भी छलक उठीं आंखें

जीत का प्रमाणपत्र लेने गईं संगीता चौहान अपने बेटे विनायक के साथ मंडी समिति में सोफे पर बैठी थींं। इसी दौरान जब उन्हें विजेता घोषित किया गया तो चेतन की याद में उनकी आंखें छलक उठीं।

उस वक्त भी तीनों दलों का बढ़ा मतदान फीसद

पिछले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने सपा को हराया था। बसपा तीसरे पायदान पर थी। इस उपचुनाव में भी इसी तरह के हालात रहे। हालांकि इस बार भाजपा, सपा व बसपा प्रत्याशी को पिछली बार से अधिक वोट हासिल हुए। मगर इस बार सपा रालोद के साथ ही महान दल के गठबंधन के साथ मैदान में था।

पिछले विधानसभा चुनाव में कुल मतदान 233058

भाजपा प्रत्याशी चेतन चौहान को मिले वोट 96703, फीसद 41.49

सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी को मिले वोट 76200, फीसद 32.69

बसपा प्रत्याशी जयदेव सिंह को मिले वोट 39970, फीसद 17.15

उपचुनाव में कुल मतदान 207050

भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान को मिले वोट 86692, फीसद 41.87

सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी को मिले वोट 71615, फीसद 34.59

बसपा प्रत्याशी फुरकान को मिले वोट 38399, 18.55


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.