By-election in Amroha : भाजपा के प्रदेश महामंत्री ने पांच घंटे की मैराथन बैठक में परखी दावेदारों की नब्ज
अमरोहा में नौगांवा सादात विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में सियासी दल अपनी पूरी ताकत झोंक देने को तैयार हैं। इसी कड़ी में लखनऊ से आए पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक ने कई घंटे तक अमरोहा में बैठक की।
अमरोहा, जेएनएन। बसपा के बाद सपा ने भी जहां अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है, वहीं भाजपा अभी दावेदारों की नब्ज परख रही है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ से आए पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक ने पांच घंटे मैराथन बैठक की।
भाजपा के जिला कार्यालय पर दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक पार्टी पदाधिकारियों से नौगावां सादात सीट पर प्रत्याशी को लेकर बैठक चली। इसमें सुब्रत पाठक ने टिकट के दावेदारों से भी उनके दावे के आधार पर बात की। हर किसी ने अपना-अपना आधार बताया। इसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों से उनकी मंशा पूछी। इसमें अलग-अलग खेमे के लोगों ने अपनी-अपनी पसंद व उनकी जीत के तर्क दिए। लगभग पांच घंटे चली बैठक के बाद सुब्रत पाठ प्रत्याशियों के जनाधार की रिपोर्ट तैयार कर चले गए। माना जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट के बाद पार्टी संगठन अपने प्रत्याशी पर अंतिम फैसला करेगा। बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौधरी व भाजपा नेता नरेंद्र सिंह राणा समेत मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल
सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल कर दी गई। सूची में नौगावां सादात से संगीता चौहान का टिकट घोषित कर दिया गया। इस सूची को लेकर लोगों ने एक-दूसरे को फोन करने शुरू कर दिए। हालांकि बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौधरी ने किसी तरह की सूची जारी न होने की सूचना दी।