By-election in Amroha : प्रत्याशी के लिए बूथवार नब्ज टटोल रही भाजपा, जिताऊ प्रत्याशी के लिए फूंक-फूंककर कदम रख रही पार्टी
By-election in Amroha प्रदेश पार्टी मुख्यालय से फोन पर बूथ अध्यक्षों से लिया जा रहा फीडबैक। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से बूथ अध्यक्षों को सीधे फोन पर उनके क्षेत्र में मुफीद प्रत्याशी के बारे में राय जुटाई जा रही है।
अमरोहा, जेएनएन। कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन से खाली हुई नौगावां सादात विधानसभा सीट पर जिताऊ प्रत्याशी के लिए भाजपा फूंक-फूंककर कदम रख रही है। पार्टी पदाधिकारियों से विचार मंथन के बाद अब सीधे पार्टी मुख्यालय से बूथ अध्यक्षों की नब्ज टटोली जा रही है। माना जा रहा है कि प्रत्याशियों के नामांकन शुरू होने के बाद ही पार्टी अपना प्रत्याशी घोषित करेगी।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की कुल चार सीटों में तीन पर अपना परचम फहराया था। यह तीनों सीटें उसने सपा के खाते से झटकी थी। इनमें नौगावां सादात विधानसभा सीट से विधायक चुने गए चेतन चौहान को सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। चेतन ने जिले में एक स्टेडियम व आइटीआइ की मंजूरी दिलाकर विकास की गति को तेज किया था। मगर कोरोना के चलते बीते 16 अगस्त को उनका निधन हो गया। अब उनकी सीट पर विपक्षी खेमा नजर लगाए है। पिछले चुनाव में करारी हार के बाद सपा अब उपचुनाव में भाजपा को पटकनी देने की हरसंभव कोशिश में जुटी है। उधर, सूत्रों की मानें तो पार्टी चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान को इस सीट पर उतारने की तैयारी में जुटी है। मगर इसकी घोषणा से पूर्व संगठन जिले के पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर तक चल रही रस्साकशी के बारे में बखूबी जानकारी जुटाने में लगा है। इसी क्रम में सोमवार को संगठन ने कन्नौज सांसद सुब्रत पाठक को अमरोहा भेजा था। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर दावेदारों से लंबी बात कर उनकी राय जानी। अब पार्टी बूथ स्तर पर प्रत्याशी को लेकर अपनी शक-सुबह दूर करना चाहती है।पार्टी सूत्रों की मानें तो नौ अक्टूबर को चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही पार्टी प्रत्याशी की घोषणा करेगी। इस संबंध में जिलाध्यक्ष चौधरी ब्रजेश सिंह ने बताया संगठन पदाधिकारियों ने अपने विचारों से पर्यवेक्षक को अवगत करा दिया गया है, वहीं से अंतिम फैसला लिया जाएगा।